सोशल संवाद/डेस्क/Nora Fatehi: गाजियाबाद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ महिला थाने में गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति उसे जबरन बॉलीवुड अभिनेत्री Nora Fatehi जैसी दिखने और बनने के लिए मजबूर करता था। शिकायत के अनुसार, पति रोजाना तीन-तीन घंटे एक्सरसाइज करने का दबाव डालता था और जिस दिन पत्नी वर्कआउट पूरा नहीं कर पाती उस दिन उसे खाना तक नहीं देता था। महिला ने बताया कि पति अक्सर ताने मारता और कहता कि उसे तो नोरा फतेही जैसी पत्नी मिलनी चाहिए थी।

यह भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की झारखंड को सौगात, हजारों करोड़ खर्च कर बनेंगी कई सड़कें
Nora Fatehi: दहेज की बढ़ती मांग और प्रताड़ना
महिला की शादी मार्च 2025 में बड़े धूमधाम से हुई थी। शादी में गहने, लगभग 24 लाख रुपये की महिंद्रा स्कॉर्पियो, 10 लाख रुपये नकद और अन्य उपहार दिए गए थे। कुल खर्च करीब 76 लाख रुपये हुआ था। इसके बावजूद, विवाह के बाद पति और ससुराल पक्ष ने जमीन, नकदी और महंगे सामान की और मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न करने पर महिला के साथ शारीरिक और मानसिक रूप से चोट देता।
बता दें पीड़िता ने आरोप लगाया कि गर्भवती होने के दौरान भी उसे परेशान किया गया। आरोप है कि उसे ऐसा भोजन दिया गया जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और जुलाई 2025 में अत्यधिक रक्तस्राव और दर्द के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़ा, जहां लगातार तनाव और प्रताड़ना की वजह से उसका गर्भपात हो गया। महिला का कहना है कि इस कठिन समय में भी पति और ससुराल पक्ष ने कोई सहयोग नहीं दिया।
घर से निकाला और धमकियां भी दीं
गर्भपात के बाद टूटी महिला मायके चली गई। वहां भी पति, सास और ननद ने वीडियो कॉल कर उसे और उसके परिवार को गालियां दीं और तलाक की धमकी भी दी। 26 जुलाई को जब महिला अपने माता-पिता के साथ ससुराल लौटी और समझौते करने की कोशिश की, तो उसे घर में घुसने तक नहीं दिया गया। साथ ही तीज-त्योहार पर मायके से मिले गहने लौटाने से भी साफ इंकार कर दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
महिला ने पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, गर्भपात कराने, धमकी और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है और आरोपों की जांच गवाहों, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य दस्तावेजों के आधार पर की जा रही है।








