सोशल संवाद/डेस्क: बिहार के जमुई शहर के केके कॉलेज मुख्य द्वार पर बुधवार सुबह अचानक सांसद अरुण भारती का लापता होने का पोस्टर दिखाई दिया। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोग सबसे पहले इसे देखने पहुंचे और देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। पोस्टर के चलते अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मामला शहर भर में चर्चा का विषय बन गया।

यह भी पढ़ें: Tej Pratap Yadav की तबीयत बिगड़ी, पेट दर्द के बाद मेडिवर्सल हॉस्पिटल में हुई जांच
पोस्टर में सांसद को लापता बताया गया है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि इसे किसने और क्यों लगाया। कुछ लोगों का मानना है कि यह किसी राजनीतिक संदेश या विरोध का तरीका हो सकता है, जबकि कुछ इसे शरारती तत्वों की हरकत मान रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह के समय कॉलेज गेट पर पोस्टर दिखाई देने के बाद लोग इसे पढ़ते रहे और कई लोगों ने इसकी तस्वीरें मोबाइल से लेकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दी, जिससे मामला तेजी से फैल गया।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने पोस्टर को हटा दिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है ताकि पोस्टर लगाने वाले की पहचान की जा सके।
जानकारी के अनुसार, जमुई सांसद अरुण भारती, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के बहनोई हैं। ऐसे में इस पोस्टर का राजनीतिक दृष्टि से भी महत्व माना जा रहा है। राजनीतिक हलकों में इसकी चर्चा तेज हो गई है और लोग इसके पीछे की सच्चाई जानने के लिए उत्सुक हैं।
फिलहाल सांसद के लापता होने जैसी किसी भी बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में लगे हुए हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही सच्चाई सामने आएगी। इस बीच लोगों को शहर में अफवाहों से बचने और शांत रहने की सलाह दी गई है।










