सोशल संवाद/डेस्क: देशभर में जारी शीतलहर के बीच झारखंड की राजधानी रांची ने इस बार पहाड़ी शहरों को भी पीछे छोड़ दिया है। जारी न्यूनतम तापमान के आंकड़ों के अनुसार रांची का पारा 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री रहा।

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी ने की तमिलनाडु के गुडलूर स्थित सेंट थॉमस इंग्लिश हाई स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह में शिरकत
आम तौर पर शिमला को अत्यधिक ठंड के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार रांची उससे भी ज्यादा ठंडी रही। हिमाचल प्रदेश समेत पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी और उत्तर भारत से आ रही ठंडी पश्चिमी हवाओं की वजह ने झारखंड के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। मंगलवार से राज्यभर में ठंड और कनकनी तेज हो गई है।
बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 0.5 से 1 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। इसका सीधा असर जनजीवन पर दिख रहा है। सुबह-शाम सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा, वहीं लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। राज्य का सबसे ठंडा जिला गुमला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची जिले के मैक्लुस्कीगंज में तापमान 1 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि कांके में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों में बर्फबारी का यह असर अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है।
13 जिलों में शीतलहर का अलर्ट, और गिरेगा पारा
मौसम विभाग, रांची केंद्र ने राज्य के 13 जिलों में शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और जमशेदपुर शामिल हैं।










