सोशल संवाद/डेस्क: Jharkhand सरकार के मंत्री दीपक बिरुआ के नाम पर एक फर्जी फेसबुक अकाउंट चलने का मामला सामने आया है। इस नकली अकाउंट को लेकर मंत्री ने सोशल मीडिया पर खुलासा करते हुए नागरिकों को सावधान रहने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें: स्थायी समिति के चेयरमैन के सामने खड़े होकर पद की गरिमा को ठेस पहुंचा रहे भाजपा मेयर- अंकुश नारंग
मंत्री ने जानकारी दी कि कुछ लोग उनकी पहचान का दुरुपयोग कर रहे हैं और फेसबुक पर एक नकली प्रोफाइल बनाकर सक्रिय हैं। बताया जा रहा है कि इस फर्जी पेज से लोगों को संदेश भेजकर खरीद-फरोख्त, पैसे की मांग और लेन-देन जैसी बातें की जा रही हैं, जिनका वास्तविक मंत्री से कोई संबंध नहीं है।
दीपक बिरुआ ने जनता को चेतावनी देते हुए कहा कि यह खाता पूरी तरह असत्य और भ्रामक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके द्वारा इस तरह की किसी गतिविधि को अंजाम नहीं दिया जा रहा है। आम नागरिकों से अपील है कि इस पेज से दूर रहें और किसी भी प्रकार का आर्थिक या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
मंत्री ने इस मामले में झारखंड पुलिस को टैग करते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिम्मेदार व्यक्तियों की जल्द पहचान होगी और उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सरकार और मंत्री कार्यालय की ओर से लोगों को सलाह दी गई है कि वे सोशल मीडिया पर सत्यापित प्रोफाइल की पहचान करें और संदिग्ध खातों की तुरंत शिकायत करें।










