सोशल संवाद/डेस्क: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणियों से आहत होकर अयोध्या में तैनात आयकर उपायुक्त प्रशांत सिंह ने अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की ओर से लगातार की जा रही बयानबाज़ी उन्हें व्यक्तिगत रूप से आहत कर रही है।

यह भी पढ़ें: ट्रेन लेट होने पर NEET का सपना टूटा, 9 लाख रुपये जुर्माने का आदेश
प्रशांत सिंह ने कहा कि वे एक सरकारी कर्मचारी हैं, लेकिन उनके भीतर भी भावनाएं हैं। लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पर इस तरह की टिप्पणियां गैर-जिम्मेदाराना हैं और इससे न सिर्फ सरकार बल्कि कर्मचारी वर्ग भी आहत होता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के समर्थन में और शंकराचार्य की टिप्पणियों के विरोध में अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप रहे हैं।
प्रशांत सिंह ने आरोप लगाया कि शंकराचार्य लोगों को उकसाकर इस्तीफा दिलाने की कोशिश कर रहे हैं, जो समाज और व्यवस्था के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने मांग की कि संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं के सम्मान के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।










