सोशल संवाद/जमशेदपुर : ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच, झारखंड के आह्वान पर मंगलवार को टाटा पावर गेट के समक्ष बड़ी संख्या में मजदूरों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. विभिन्न ट्रेड यूनियनों के पदाधिकारियों और सैकड़ों श्रमिकों ने इसमें हिस्सा लिया. प्रदर्शनकारियों ने मजदूरों की लंबित समस्याओं को उजागर करते हुए सरकार और प्रबंधन का ध्यान आकर्षित किया.

यह भी पढे : झारखंड निकाय चुनाव में सियासी पारा हाई, जारी है दल-बदल
ट्रेड यूनियन नेता अंबुज ठाकुर ने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में मजदूरों का भारी शोषण हो रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कई संस्थानों में श्रमिकों को समय पर उचित मानदेय नहीं दिया जा रहा. साथ ही, पेमेंट स्लिप उपलब्ध नहीं कराई जा रही. पेमेंट स्लिप की मांग करने पर मजदूरों को नौकरी से निकाल दिया जाता है, जो पूरी तरह गैरकानूनी और अन्यायपूर्ण है.
ठाकुर ने आगे बताया कि इन मांगों और मजदूर अधिकारों की रक्षा के लिए 12 फरवरी को झारखंड की सभी ट्रेड यूनियन एक दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल करेंगी. इस हड़ताल से मजदूर अपनी जायज मांगों पर सरकार को मजबूत संदेश देंगे.
प्रदर्शन के दौरान अन्य वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को तेज किया जाएगा. धरना शांतिपूर्ण रहा, लेकिन मजदूरों में अधिकारों को लेकर गहरा आक्रोश साफ झलक रहा था.










