सोशल संवाद/डेस्क: मणिपुर में बुधवार को नई सरकार का गठन हो गया। वरिष्ठ भाजपा नेता वाई. खेमचंद सिंह ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जबकि कुकी समुदाय की पूर्व मंत्री नेमचा किपगेन को उपमुख्यमंत्री बनाया गया। भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विधायक दल की बैठक में खेमचंद को नेता चुना गया।

यह भी पढ़ें: Rahul Gandhi का बड़ा दावा: चीन संकट में सेना अकेली, मोदी सरकार ने जिम्मेदारी से मुंह मोड़ा
इसके बाद उन्होंने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। मणिपुर में 2023 में हुई जातीय हिंसा के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने फरवरी 2025 में इस्तीफा दिया था। तब से राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू था। हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए और हजारों लोग बेघर हुए थे। भाजपा के 37 विधायकों में से अधिकांश बैठक में मौजूद रहे। राजग के घटक दलों के विधायक और निर्दलीय सदस्य भी बैठक में शामिल हुए, जिसमें खेमचंद को विधायक दल का नेता और किपगेन को उपनेता चुना गया।
राजग के सदस्य और निर्दलीय विधायक सपाम निशिकांत सिंह ने कहा कि खेमचंद सिंह के मैतेयी, कुकी और नगा समुदायों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध हैं, इसलिए वे नेता के लिए स्वाभाविक विकल्प थे। राज्य विधानसभा का कार्यकाल 2027 तक है और फिलहाल भाजपा के नेतृत्व में सरकार सभी प्रमुख समुदायों को ध्यान में रखते हुए काम करेगी।










