सोशल संवाद / जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम क्षेत्र में चल रहे चुनावी माहौल के बीच कांग्रेस पार्टी ने बड़ा अनुशासनात्मक कदम उठाया है। मेयर पद के लिए चुनाव मैदान में उतरीं कांग्रेस की बागी प्रत्याशी ज़ेबा खान को पार्टी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में की है।

यह भी पढे : चेक बाउंस केस में गैर-जमानती वारंट के बावजूद पार्षद चुनाव लड़ रहीं ममता देवी
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पहले ही साफ निर्देश जारी किए थे कि नगर निगम में मेयर और नगर परिषद में अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों का चयन जिला राजनीतिक मामलों की समिति की अनुशंसा और सहमति से किया जाएगा। पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया था कि केवल अधिकृत उम्मीदवारों को ही कांग्रेस का समर्थन मिलेगा।
इसके बावजूद ज़ेबा खान ने पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया। इसके बाद कांग्रेस ने 5 फरवरी को आदेश जारी कर ऐसे सभी उम्मीदवारों को 6 फरवरी दोपहर 3 बजे तक नामांकन वापस लेने का निर्देश दिया था, जिन्हें समिति का समर्थन प्राप्त नहीं था।
पार्टी निर्देशों की अनदेखी करते हुए ज़ेबा खान ने नामांकन वापस नहीं लिया। इसके बाद उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन उनका जवाब पार्टी नेतृत्व को संतोषजनक नहीं लगा। स्पष्टीकरण में समिति पर लगाए गए पक्षपात के आरोपों को कांग्रेस ने पूरी तरह खारिज कर दिया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कहा कि जिला राजनीतिक मामलों की समिति पार्टी के संविधान और नियमों के तहत गठित है, जिसमें वरिष्ठ और अनुभवी नेता शामिल हैं। ऐसे में समिति पर लगाए गए आरोप निराधार हैं।
कांग्रेस का मानना है कि चुनाव के दौरान इस तरह की अनुशासनहीनता पार्टी की छवि और रणनीति दोनों को नुकसान पहुंचाती है। इसी वजह से ज़ेबा खान को पार्टी से निलंबित करने का फैसला लिया गया। इस कार्रवाई के बाद मानगो नगर निगम चुनाव में राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई है। फिलहाल ज़ेबा खान की ओर से निलंबन को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।










