सोशल संवाद / चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी -सह- उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में एवं उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार व सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी की मौजूदगी में मनरेगा एवं आवास योजना अंतर्गत विभिन्न मानकों में किया जा रहे कार्यों में प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक का आयोजन किया गया।

यह भी पढे : मनोहरपुर में स्कूली बच्ची के अपहरण की कोशिश, कूदकर बचाई जान

बैठक में सर्वप्रथम उपायुक्त के द्वारा विगत बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन से संबंधित प्रतिवेदन का क्रमवार जायजा लिया गया, तत्पश्चात मनरेगा एवं आवास योजना में संचालित कार्यों का प्रखंड वार अवलोकन किया गया। इस क्रम में उपायुक्त के द्वारा ई-केवाईसी के माध्यम से मनरेगा जॉब कार्ड नवीकरण कार्यों से संबंधित प्रतिवेदन का समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त को जिला स्तर से प्रखंड अंतर्गत कार्य में रुचि नहीं रखने वाले रोजगार सेवक को कारणपृच्छा करने का निर्देश दिया गया। इस क्रम में बताया गया कि जिला अंतर्गत कुल 1,74,440 मनरेगा श्रमिकों में से 1,21,046 श्रमिकों का ई-केवाईसी के माध्यम से जॉब कार्ड नवीकरण किया गया है।
बैठक में उपायुक्त के द्वारा जिला अंतर्गत 18 प्रखंड क्षेत्र में मनरेगा/मनरेगा कन्वर्जेंस के तहत वित्तीय वर्ष 2016-17 से वित्तीय वर्ष 2025-26 तक संचालित योजनाओं का वर्ष वार समीक्षा के दौरान निर्देशित किया गया कि अलग-अलग वित्तीय वर्ष में मनरेगा से संचालित योजनाएं, जो भौतिक रूप से पूर्ण हो चुकी है, उन योजनाओं को क्लोज करना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही मनरेगा कन्वर्जेंस के तहत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों में से 20 आंगनबाड़ी केंद्र, जो तकरीबन पूर्ण होने की स्थिति में हैं, उन्हें विभाग को यथा शीघ्र हस्तगत किया जाए।
बैठक में उपायुक्त के द्वारा वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना अंतर्गत संचालित कार्यों का भी समीक्षा किया गया। इस दौरान बताया गया कि योजना अंतर्गत जिले में कुल 739 खेल मैदान को विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित है, जिनमें से 455 खेल मैदान के उन्नयन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जिस पर उपायुक्त के द्वारा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जहां-जहां योजना के तहत खेल मैदान का निर्माण पूरा हो गया है, वहां सिद्धू-कान्हू खेल क्लब का गठन करने या पूर्व से गठित क्लब के साथ बैठक करते हुए मैदान में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने को प्राथमिकता दिया जाए। बैठक में उपायुक्त के द्वारा विभिन्न आवास योजना अंतर्गत संचालित आवास निर्माण के कार्यों में प्रगति का भी समीक्षा किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना(ग्रामीण), बाबा साहब भीमराव अंबेडकर आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना से संबंधित प्रगति प्रतिवेदन का अवलोकन किया गया।
अवलोकन के क्रम में उपायुक्त के द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना(ग्रामीण) वित्तीय वर्ष 2016-22 अंतर्गत लंबित 753 आवास के निर्माण कार्य से संबंधित प्रतिवेदन का जायजा लेते हुए आवास निर्माण के कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कराने हेतु आवश्यक एवं उचित दिशा निर्देश दिया गया। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2024-25 आवास योजना अंतर्गत लाभुकों का आधार निष्क्रिय की वजह से राशि भुगतान में हो रही समस्याओं को दूर करने के लिए आगामी सप्ताह, मंगलवार एवं बुधवार को विशेष कैंप का आयोजन करने, साथ ही गुरुवार से प्रखंड वार विशेष अभियान चलाकर आवास निर्माण की वर्तमान स्थिति का जियो टैगिंग कार्य को पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।










