सोशल संवाद/जमशेदपुरः बर्मामाइंस स्थित मिल एवं गोदाम क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक लकड़ी के गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह गोदाम स्थानीय व्यवसायी इम्तियाज़ खान का बताया जा रहा है। घटना सुबह करीब 4 बजे की है, जब ड्यूटी पर तैनात गार्ड की नजर अचानक उठते धुएं और आग की लपटों पर पड़ी।

गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत गोदाम मालिक को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गोदाम से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी, जिससे स्थिति चिंताजनक हो गई। हालात को देखते हुए तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया।
सूचना पर टाटा स्टील की फायर ब्रिगेड एवं झारखंड अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लकड़ी के बोटों तक ही सीमित रही, जिससे बड़ी राहत मिली और गोदाम में रखी मशीनें सुरक्षित बच गईं।
मौके पर मौजूद अनिकेत ने बताया कि उनके गोदाम में इस तरह की घटना पहली बार हुई है। उन्होंने फायर ब्रिगेड की तत्परता की सराहना की। फिलहाल आग पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जबकि आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।









