सोशल संवाद / जमशेदपुर : रामनवमी महोत्सव के पावन अवसर पर आयोजित भव्य विसर्जन जुलूस में झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले सक्रिय रूप से शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने साकची कालीमाटी रोड, आई अस्पताल, साकची गोलचक्कर, बंगाल क्लब सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर अखाड़ा समितियों, पूजा समितियों एवं सेवा शिविरों में पहुंचकर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने दौरे के क्रम में काले ने जुलूस मार्ग पर उपस्थित श्रद्धालुओं, अखाड़ा सदस्यों और आयोजनकर्ताओं से मुलाकात कर उनके उत्साह और समर्पण की सराहना की।

यह भी पढे : राम नवमी ध्वज यात्रा: सोनारी में शांतिपूर्ण ढंग से निकला भव्य जुलूस, शांति समिति की अहम भूमिका
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “अपने अंदर के राम को ढूँढना और उनके आदर्शों को आत्मसात करना ही जीवन को सार्थक बनाता है।” काले ने कहा कि रामनवमी महोत्सव का यह विसर्जन जुलूस केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि समाज की एकता, श्रद्धा और सांस्कृतिक समृद्धि का जीवंत प्रतीक है।
उन्होंने अखाड़ा समितियों एवं सेवा शिविरों द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रबंधों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं और युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। साथ ही उन्होंने प्रभु श्रीराम से सभी प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर राम भक्त सेवा मंडल, अखिल भारतीय अग्रहरि समाज, अखिल एकता उद्योग व्यापार मंडल, लायन क्लब इंटरनेशनल, श्रीराम सेना, श्री श्री हनुमान मंदिर समिति, शिव शक्ति परिवार टाटानगर, अखिल भारतीय जमशेदपुर नाई संघ, तुरहा समाज जमशेदपुर, केसरवानी वैश्य सभा जमशेदपुर, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन, आर.के. सिंह फैंस क्लब, ब्रह्मर्षि विकास मंच, भाजपा साकची पश्चिम मंडल, सुवर्ण वणिक समाज जमशेदपुर निर्मल नगर शाखा तथा द बंगाल क्लब सहित अन्य समिति सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा









