सोशल संवाद/डेस्क: झारखंड में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम खबर सामने आई है। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 अप्रैल से शुरू होकर 21 मई 2026 तक चलेगी। यह परीक्षा राज्य के प्राथमिक (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8) विद्यालयों में शिक्षक पद के लिए पात्रता निर्धारित करने के उद्देश्य से आयोजित की जाती है।

यह भी पढ़ें: SECL Apprentice Recruitment 2026: कोल कंपनी में 100 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती, 10वीं पास भी करें आवेदन
राज्य सरकार ने JTET 2026 के लिए नई नियमावली जारी कर दी है, जिसमें परीक्षा से जुड़े योग्यता मानदंड, पाठ्यक्रम, भाषा चयन और अन्य जरूरी दिशा-निर्देश शामिल हैं। अभ्यर्थी इन सभी जानकारियों को परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।
इस बार एक महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले 2024 के विज्ञापन के तहत आवेदन किया था, उन्हें भी दोबारा आवेदन करना अनिवार्य होगा। हालांकि, ऐसे उम्मीदवारों से अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा, लेकिन उन्हें भाषा-2 का चयन करना और अपनी जानकारी अपडेट करनी होगी।
आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को न्यूनतम अंकों में 5 प्रतिशत की छूट दी गई है। वहीं, प्रशिक्षण ले रहे अभ्यर्थियों को भी आवेदन का अवसर मिलेगा, बशर्ते वे निर्धारित समय तक अपने दस्तावेज और अंकपत्र जमा करें।
आयु सीमा की बात करें तो न्यूनतम आयु 21 वर्ष तय की गई है, जबकि अधिकतम आयु में राज्य सरकार के नियमानुसार छूट दी जाएगी। पारा शिक्षकों को विशेष राहत देते हुए उनकी सेवा अवधि के बराबर छूट दी गई है, वहीं लंबे अंतराल को देखते हुए अधिकतम 9 वर्ष तक की अतिरिक्त छूट का प्रावधान भी किया गया है।
ध्यान देने वाली बात यह है कि JTET पास करना झारखंड में सरकारी शिक्षक बनने के लिए अनिवार्य पात्रता है, लेकिन यह केवल योग्यता तय करता है, नियुक्ति की गारंटी नहीं देता। अंतिम सत्यापन नियुक्ति के समय संबंधित जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले पूरी नियमावली ध्यान से पढ़ें, भाषा चयन में सावधानी बरतें, सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें और अंतिम तिथि का इंतजार करने से बचें।









