सोशल संवाद/डेस्क: नई दिल्ली के चांदनी चौक क्षेत्र में महिला आरक्षण विधेयक के समर्थन में “नारी शक्ति वंदन यात्रा” का भव्य आयोजन किया गया। संसद में प्रस्तावित चर्चा से पहले आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं का उत्साह और भागीदारी देखने लायक रही।

यह भी पढ़ें: Connaught Place में महिला बाइक रैली, नारी शक्ति वंदन बिल के समर्थन में हजारों महिलाओं का प्रदर्शन
यात्रा की अगुवाई चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने की। उनके साथ भाजपा के जिला अध्यक्ष अरविंद गर्ग और अजय खटाना समेत कई सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों की महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुईं।
यह यात्रा टाउन हॉल घंटाघर से शुरू होकर चांदनी चौक के मुख्य बाजार से होते हुए लाल किला तक पहुंची। यहां ऐतिहासिक प्राचीर के नीचे महिलाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर महिला आरक्षण के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान हजारों महिलाओं ने “सशक्त नारी – सशक्त भारत” और “आधी आबादी – पूरा अधिकार” जैसे नारों के साथ पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया। रास्ते में व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया।
इस अवसर पर प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक को सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ने से नीतियां अधिक संवेदनशील और संतुलित होंगी, जिससे समाज के हर वर्ग को लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में यह संदेश साफ तौर पर उभरकर सामने आया कि देश की महिलाएं अब बदलाव का इंतजार नहीं करेंगी, बल्कि खुद नेतृत्व करते हुए नए भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।









