सोशल संवाद / डेस्क : सरायकेला-खरसावां में भारतीय जनता पार्टी जिला कमेटी ने जिला अध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान के नेतृत्व में समाहरणालय के समक्ष जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बिजली-पानी की बदहाल व्यवस्था पर नाराजगी जताई।

यह भी पढे : रांची, जमशेदपुर, गुमला और चतरा में तेज हवा संग हुई बारिश

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि राज्य सरकार जन समस्याओं को लेकर पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि 200 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा सिर्फ दिखावा बनकर रह गया है। शहरों में घंटों बिजली कटौती हो रही है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति और भी खराब है।
उन्होंने स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों और आम लोगों को बिना उपयोग के भी भारी-भरकम बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। बिजली संकट के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और जनता परेशान है।
भाजपा नेता अभय सिंह ने कहा कि भाजपा जनता के मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की “हर घर नल जल योजना” को झारखंड सरकार ने सही तरीके से लागू नहीं किया, जिसके कारण कई इलाकों में अब तक पेयजल सुविधा नहीं पहुंच सकी है।
धरना प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने हाल ही में राजनगर अस्पताल में बिजली बाधित होने के दौरान मोबाइल की रोशनी में इलाज किए जाने और जच्चा-बच्चा की मौत की घटना का भी जिक्र किया। नेताओं ने इसे राज्य की स्वास्थ्य और बिजली व्यवस्था की विफलता बताया।
जिला अध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान ने कहा कि राज्यभर में हजारों चापाकल खराब पड़े हैं और पेयजल योजनाएं अधूरी हैं। उन्होंने सरकार से बिजली की निर्बाध आपूर्ति, जले ट्रांसफार्मरों की जल्द मरम्मत, फर्जी बिजली बिलों की जांच और नल-जल योजना को जल्द पूरा करने की मांग की।
कार्यक्रम को संजय सरदार, अनंत राम टुडू, उदय सिंहदेव, रमेश हँसदा और रितिका मुखी ने भी संबोधित किया।









