सोशल संवाद/डेस्क: पूर्वी सिंहभूम सहित पूरे राज्य में छात्रवृत्ति वितरण व्यवस्था बेपटरी हो चुकी है। पूर्वी सिंहभूम जिले में तो अभी तक सत्र 2024-25 के पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लाभुक पैसे का इंतजार कर रहे हैं। 8397 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का इंतजार है। ये पिछड़े वर्ग के छात्र हैं। सिर्फ इसी वर्ग के विद्यार्थी नहीं, आदिवासी वर्ग के 1834 छात्र भी छात्रवृत्ति राशि के इंतजार में हैं। परंतु अब चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 से इसे पटरी पर लाने का प्रयास कर रही है।

यह भी पढ़ें: कल्याण छात्रावास संचालन को 14 एजेंसियां मूल्यांकन में फेल
यही वजह है कि 15 मई से प्री मैट्रिक विद्यार्थियों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और इसकी प्रक्रिया 30 जून तक चलेगी। इससे पूर्व वित्तीय वर्ष 2025-26 के लाभुकों के लिए आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। 15 मई आवेदन की अंतिम तिथि है। इसकी वजह से आवेदन तेजी से चल रही है। इस मामले में जानकार बताते हैं कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि अगले साल तक छात्रवृत्ति भुगतान के मामले में जिला और खास तौर राज्य के सभी जिले अप टू डेट हो जाएं।
नये पंजीकृत संस्थानों की संख्या चार है :
2025-26 के लिए पोस्ट मैट्रिक के पूर्व से 121 शैक्षणिक संस्थान पंजीकृत हैं जबकि नये पंजीकृत संस्थानों की संख्या चार है। इस प्रकार सवा सौ शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ रहे आदिवासी, दलित और पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकते हैं। पहले 15 अप्रैल तक इसके लिए आवेदन किये जा सकते थे, जिसे बाद में संशोधित कर 15 मई कर दिया गया है।








