सोशल संवाद / डेस्क : Chaibasa में पेट्रोल और डीजल की संभावित किल्लत की सूचना के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड में नजर आया। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी Sandeep Anurag Topno, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी और सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार ने पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया।

यह भी पढे : रबी फसल बीमा योजना की समीक्षा बैठक, उपायुक्त ने सभी पात्र किसानों को लाभ देने के दिए निर्देश

शहीद पार्क और बड़ी बाजार स्थित पेट्रोल पंपों की जांच
प्रशासनिक टीम ने शहीद पार्क, बड़ी बाजार और अन्य क्षेत्रों में स्थित पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर उपलब्ध ईंधन भंडारण की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों ने आगत पंजी, बिक्री पंजी और स्टॉक रजिस्टर का भी निरीक्षण किया।
जांच के दौरान पेट्रोल पंप संचालकों ने बताया कि सप्लाई चेन में कमी के कारण फिलहाल यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
प्रशासन ने लोगों से की अपील
निरीक्षण के बाद सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों या घबराहट में आकर जल्दबाजी न करें और ईंधन की जमाखोरी से बचें।
उन्होंने कहा कि वाहन मालिक आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल और डीजल भरवाएं, ताकि सभी लोगों को सुचारू रूप से ईंधन उपलब्ध हो सके।
स्थिति पर प्रशासन की नजर
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में ईंधन आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पेट्रोल पंप संचालकों को भी नियमित रूप से स्टॉक अपडेट रखने और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि स्थिति को सामान्य बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और लोगों को किसी प्रकार की घबराहट की जरूरत नहीं है।











