सोशल संवाद / डेस्क : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध महुआ शराब निर्माण और कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अवैध चुलाई अड्डों को ध्वस्त कर दिया। विशेष छापेमारी अभियान के दौरान भारी मात्रा में जावा महुआ और अवैध शराब भी बरामद की गई।

यह भी पढे : सरायकेला-खरसावां में आपदा पीड़ितों को राहत देने पर जोर, 60 मामलों में अनुग्रह अनुदान मंजूर
उपायुक्त एवं अधीक्षक उत्पाद, सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर सोमवार, 18 मई 2026 को अवर निरीक्षक उत्पाद सह मोबाइल टास्क फोर्स प्रभारी नीरज कुमार के नेतृत्व में RIT थाना क्षेत्र के भुवा जंगल और गम्हरिया थाना अंतर्गत जामजोड़ा गांव में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया।
2100 किलो जावा महुआ और 60 लीटर अवैध शराब बरामद
छापेमारी के दौरान टीम ने कुल तीन अवैध महुआ चुलाई अड्डों को ध्वस्त किया। मौके से करीब 2100 किलोग्राम जावा महुआ और 60 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई। अधिकारियों ने बरामद सामग्री को जब्त करते हुए अवैध कारोबार में शामिल संचालकों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अवैध शराब कारोबार से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ाई जा रही निगरानी
प्रशासन द्वारा ग्रामीण और जंगल क्षेत्रों में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी की जाएगी, ताकि समाज में नशे के अवैध कारोबार को खत्म किया जा सके।










