सोशल संवाद/डेस्क : सरायकेला-खरसावां पुलिस ने फर्जी नाम से मोबाइल कॉल कर 50 हजार रुपये की मांग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में कांड्रा थाना कांड संख्या 09/2026 दिनांक 24 मई 2026 को धारा 308(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

यह भी पढ़े : प्रोजेक्ट बदलाव के तहत पश्चिमी सिंहभूम में ‘सखी संवाद’ कार्यक्रम, महिला सशक्तिकरण पर जोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 को झारखंड ग्रामीण बैंक, कांड्रा शाखा के शाखा प्रबंधक को मोबाइल नंबर 7549316946 से कॉल आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को रवि लोहार बताते हुए कहा कि वह सरायकेला जेल में बंद है और जमानत के लिए वकील को पैसे देने हैं। आरोपी ने बैंक मैनेजर से 50 हजार रुपये की मांग की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी जांच एवं छापेमारी के दौरान पुलिस ने 25 मई 2026 को जमशेदपुर के मानगो बस स्टैंड के समीप से आरोपी प्रदीप मुंडा (38 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र का निवासी है तथा वर्तमान में पश्चिम बंगाल के कोलकाता में रहकर एक निजी कंपनी में कार्यरत था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्तता रही है। उसके खिलाफ कांड्रा एवं सितारामडेरा थाना में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं। छापेमारी दल में कांड्रा थाना प्रभारी फणीन्द्र कुमार शर्मा, पुअनि सत्यपाल उरांव, पुअनि नरेश कुमार सिंह, पुअनि राससिंग शुक्ला सहित कांड्रा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।










