सोशल संवाद / डेस्क: भारतीय रेलवे ने एक साथ बड़ी संख्या में ट्रेन टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे ने ग्रुप और बल्क टिकट बुकिंग के नियमों में बदलाव करते हुए बर्थ की अधिकतम सीमा हटा दी है। इससे शादी समारोह, तीर्थयात्रा, स्कूल-कॉलेज के टूर और खेल प्रतियोगिताओं में जाने वाले लोगों को फायदा होगा। अब बड़े समूह भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत एक साथ अधिक संख्या में सीटों और बर्थ के लिए आवेदन कर सकेंगे।
यह भी पढे : पटमदा में विकसित भारत युवा संवाद, लोकतंत्र और सोशल मीडिया पर युवाओं को किया जागरूक
अब ग्रुप बुकिंग में नहीं होगी बर्थ की तय सीमा
दक्षिण पश्चिम रेलवे (South Western Railway) ने ग्रुप और बल्क टिकट बुकिंग के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत पहले लागू बर्थ की अधिकतम सीमा को समाप्त कर दिया गया है। अब चीफ रिजर्वेशन सुपरवाइजर (CRS) और स्टेशन मैनेजर (SM) को ग्रुप बुकिंग की मंजूरी देने का अधिकार दिया गया है।
यह सुविधा शादी समारोह, छात्रों के समूह, तीर्थयात्रियों, खेल टीमों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने वाले यात्रियों के लिए होगी। नए नियम सभी क्लास की बुकिंग पर लागू होंगे। हालांकि, टिकट की उपलब्धता और रेलवे अधिकारियों की मंजूरी जरूरी होगी।
सुबह 9 बजे से कर सकेंगे आवेदन
रेलवे के नए नियमों के अनुसार, ग्रुप टिकट बुकिंग के लिए आवेदन एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) के पहले दिन सुबह 9 बजे से स्वीकार किए जाएंगे। सामान्य यात्रियों की टिकट बुकिंग शुरू होने के एक घंटे बाद ग्रुप बुकिंग की प्रक्रिया शुरू होगी।
यात्रियों को इसके लिए प्रमुख रिजर्वेशन केंद्रों पर जाकर आवेदन करना होगा। आवेदन संबंधित अधिकृत रेलवे अधिकारी के पास जमा करना अनिवार्य होगा।
टिकट बुकिंग के लिए देने होंगे ये विवरण
ग्रुप में यात्रा करने वाले सभी यात्रियों की जानकारी आवेदन के साथ देनी होगी। इसमें शामिल हैं:
- सभी यात्रियों का पूरा नाम
- उम्र और लिंग
- घर का पता
- यात्रा करने का उद्देश्य
आवेदन में यात्रा का कारण स्पष्ट रूप से बताना भी जरूरी होगा। अधूरी जानकारी या यात्रा का उद्देश्य स्पष्ट नहीं होने पर आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ट्रैवल एजेंट के जरिए नहीं होगी बुकिंग
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ग्रुप टिकट बुकिंग के लिए आवेदन सीधे यात्रियों को अधिकृत अधिकारी के पास जमा करना होगा। सामान्य तौर पर ट्रैवल एजेंट के माध्यम से आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। हालांकि, विदेशी पर्यटकों और NRI के लिए मौजूदा नियमों के तहत छूट जारी रहेगी।
वापसी की टिकट के लिए करना होगा अलग आवेदन
नए नियमों के तहत ग्रुप में वापसी की यात्रा के लिए भी उसी रिजर्वेशन कार्यालय में आवेदन किया जा सकता है। हालांकि, वापसी की यात्रा को अलग बुकिंग माना जाएगा। इसके लिए दोबारा निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
रेलवे ने बुकिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और नियमों के दुरुपयोग को रोकने के लिए भी निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को मंजूर की गई सभी ग्रुप बुकिंग का अलग रजिस्टर रखना होगा। साथ ही आवेदन पत्र और यात्रियों की सूची के प्रत्येक पन्ने पर हस्ताक्षर और मुहर लगानी होगी।
इस बदलाव से उन परिवारों और समूहों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें एक साथ बड़ी संख्या में ट्रेन टिकट बुक कराने में परेशानी होती थी।











