सोशल संवाद/रांची : मौसम केंद्र ने बुधवार से अगले चार दिनों तक रांची समेत झारखंड के विभिन्न हिस्सों में आंधी और गरज के साथ बारिश और वज्रपात का अनुमान जताया है। यह स्थिति ओडिशा और बंगाल के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन व छत्तीसगढ़ क्षेत्र में सक्रिय साइक्लोनिक सिस्टम के प्रभाव से संभव है।

ये भी पढे : जमशेदपुर मैनेजमेंट एसोसिएशन सम्मेलन 2026 में कॉरपोरेट और शिक्षा जगत का सम्मान
इधर, मंगलवार को राज्य के कई हिस्सों में मौसम साफ रहने से तपिशभरी धूप रही। पलामू में अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 40 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रांची का अधिकतम 35 व न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री रहा। जमशेदपुर का न्यूनतम पारा सर्वाधिक 26.6 डिग्री रहा। यहां अधिकतम 39.2 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य में अधिकतम पारा सामान्य की से एक से तीन डिग्री तक अधिक है। पलामू, जमशेदपुर को छोड़ अन्य जिलों का अधिकतम तापमान 30.8 से लेकर 38 डिग्री रहा। कई हिस्सों में मंगलवार को अधिकतम पारा में दो से तीन डिग्री वृद्धि देखी गई। रांची के अधिकतम तापमान में दो डिग्री की वृद्धि हुई। वहीं न्यूनतम में दो डिग्री की गिरावट रही।
भारत में अब ज्यादा दिन बिताने लगा है मानसून
देश में अब मानसून का मिजाज बदल रहा है। वर्षा ऋतु का चक्र पहले से लंबा हो गया, यानी मानसून तय समय से पहले आ रहा है और तय समय के बाद ही इसकी वापसी हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन और वापसी की तिथियों को लेकर किए गए शोध में यह बात सामने आयी है। यह निष्कर्ष 120 वर्षों के आंकड़ों के विश्लेषण पर आधारित है।









