सोशल संवाद / जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह तालाब के समीप गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पारिवारिक विवाद से परेशान एक बुजुर्ग ने कथित तौर पर खुद को आग के हवाले करने का प्रयास किया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन स्थानीय लोगों और एक युवक की सूझबूझ से उनकी जान बच गई।

यह भी पढे : कपाली में अवैध बालू परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, वाहन जब्त
जानकारी के अनुसार, धातकीडीह ए ब्लॉक निवासी सत्तार खान दोपहर में पेट्रोल लेकर तालाब के पास पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। देखते ही देखते आग ने उनके शरीर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
इसी दौरान तालाब के पास वाहन धोने का काम करने वाले मो. इस्लाम ने साहस का परिचय देते हुए तुरंत आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) भेजा। चिकित्सकों के अनुसार उनका शरीर काफी हद तक झुलस गया है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बुजुर्ग लंबे समय से पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक तनाव में थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। घटना स्थल से जले हुए कपड़े और अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।
सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंच गए। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आत्मदाह के प्रयास के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।









