---Advertisement---
Banner 1
Banner 2

सरायकेला में नशामुक्त समाज के निर्माण की पहल, जागरूकता रथ को दिखाई गई हरी झंडी

By Riya Kumari

Published :

Follow
सरायकेला में नशामुक्त समाज के निर्माण की पहल, जागरूकता रथ को दिखाई गई हरी झंडी

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / सरायकेला : निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे राज्यव्यापी जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने समाहरणालय परिसर में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह भी पढे : राजनगर डीवीसी के पास भीषण सड़क हादसा, दो आयरन लदे ट्रेलरों की टक्कर में चालक की मौत

कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति को लेकर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहियाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी उपस्थित लोगों ने नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि मादक पदार्थों का बढ़ता दुरुपयोग समाज, विशेषकर युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ, सकारात्मक और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने की अपील की।

उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने कहा कि नशे का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। उन्होंने आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहियाओं और सामुदायिक कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर ने बताया कि यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, ग्रामीण क्षेत्रों और शैक्षणिक संस्थानों में भ्रमण कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों एवं नशामुक्त जीवन के महत्व के बारे में जानकारी देगा। अभियान के तहत कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और स्वस्थ जीवन के प्रति प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जेएसएलपीएस के प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहियाएं तथा बड़ी संख्या में अन्य लोग उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---