सोशल संवाद / जमशेदपुर : टाटानगर समेत दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के कर्मचारी क्वार्टर, स्टेशनों के स्टॉल-रेस्टोरेंट और एजेंसी कार्यालयों में बिजली के स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जाएंगे। रेलवे बोर्ड की इलेक्ट्रिकल एवं इंजीनियरिंग विभाग की निदेशक निशा मनोहर पाटिल ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

यह भी पढे : टाटा स्टील में सात साल के लिए वेज रिवीजन समझौता , एनपीएस के लिए 1000 कटौती, 28414 रु. तक वेतन बढ़ा
स्मार्ट मीटर लगने से रेलवे को बिजली खपत की निगरानी में आसानी होगी। मैन्युअल मीटर रीडिंग और हर महीने बिल बनाने की झंझट भी खत्म हो जाएगी। रेलवे बोर्ड का पत्र दक्षिण पूर्व रेलवे जोन मुख्यालय और उत्पादन इकाइयों को मिल चुका है। पहले चरण में स्टेशनों पर स्टॉल, रेस्टोरेंट और अन्य एजेंसी कार्यालयों में मीटर लगाए जाएंगे। दूसरे चरण में कर्मचारियों के क्वार्टर शामिल किए जाएंगे।
बता दें कि पहले क्वार्टरों में स्मार्ट मीटर नहीं लगाने की योजना थी, लेकिन ऊर्जा प्रबंधन के तहत अब यह जरूरी हो गया है। इससे कर्मचारियों पर बिजली बिल का आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका है। ज्ञात हो कि जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड में बिजली विभाग पहले ही स्मार्ट मीटर लगा चुका है, जिससे बिजली उपयोग का रियल टाइम डेटा उपलब्ध होता है।










