सोशल संवाद / जमशेदपुर : जमशेदपुर के डीडी बार के समीप हुई चापड़बाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की उपचार के दौरान हुई मृत्यु पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल ने गहरा दुःख एवं शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना राज्य सरकार की विफल कानून-व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते मनोबल का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

अमित अग्रवाल ने कहा कि आज जमशेदपुर में आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। शहर में हत्या, लूट, रंगदारी और हिंसक अपराधों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि पुलिस अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय केवल औपचारिकताओं तक सीमित दिखाई दे रही है। ऐसी घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो चुका है।
उन्होंने कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या केवल एक परिवार की अपूरणीय क्षति नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। यदि समय रहते अपराधियों पर कठोर कार्रवाई होती और कानून का भय कायम रहता, तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता था।
अमित अग्रवाल ने जिला पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी की लापरवाही अथवा उदासीनता सामने आती है, तो उसके विरुद्ध तत्काल कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन से मांग की कि इस जघन्य हत्या में शामिल सभी आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाते हुए कठोरतम दंड दिलाया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिले और समाज में यह स्पष्ट संदेश जाए कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।
अमित अग्रवाल ने यह भी मांग की कि जमशेदपुर में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अपराध नियंत्रण अभियान चलाया जाए, असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की जाए तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की जवाबदेही तय की जाए।
अंत में उन्होंने दिवंगत हिमांशु सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।










