सोशल संवाद / जमशेदपुर : कोरोना काल में बंद हुई टाटानगर होकर चलने वाली तीन ट्रेनों को रेलवे फिर से शुरू करने की तैयारी में है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने इन ट्रेनों के पुनः परिचालन का प्रस्ताव वर्ष 2025 से अब तक तीन बार रेलवे बोर्ड को भेजा है, लेकिन अब तक मंजूरी नहीं मिल सकी है। कोरोना के दौरान रेलवे ने टाटानगर होकर चलने वाली हावड़ा-पुरुलिया कालीमाटी एक्सप्रेस, झारग्राम-पुरुलिया बिरसा मुंडा एक्सप्रेस के साथ टाटानगर-मुंबई अंत्योदय एक्सप्रेस का परिचालन बंद कर दिया था।

यह भी पढे : एयरपोर्ट : वन विभाग से जुड़े मामलों पर मांगा गया जवाब
जमशेदपुर के सांसद विद्युतवरण महतो ने दक्षिण पूर्व रेलवे जोनल रेलवे सलाहकार समिति की बैठक में हावड़ा-पुरुलिया कालीमाटी एक्सप्रेस और झारग्राम- पुरुलिया बिरसा मुंडा एक्सप्रेस को दोबारा शुरू करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इन दोनों ट्रेनों के नाम झारखंड और कोल्हान की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े हैं।
साथ ही, ये ट्रेनें झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों के लोगों के लिए लाइफलाइन का काम करती थीं। भगवान बिरसा मुंडा झारखंड ही नहीं, पूरे देश के प्रेरणास्रोत और जननायक के रूप में जाने जाते हैं। वहीं, कालीमाटी टाटा स्टील की स्थापना से पहले जमशेदपुर का पुराना नाम था। रेलवे ने सांसद को जानकारी दी है कि कालीमाटी एक्सप्रेस और बिरसा मुंडा एक्सप्रेस के पुनः परिचालन का प्रस्ताव फरवरी और अक्तूबर 2025 तथा मई 2026 में रेलवे बोर्ड को भेजा जा चुका है। रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलते ही दोनों ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य अरुण जोशी भी टाटानगर-मुंबई अंत्योदय एक्सप्रेस को दोबारा शुरू करने की मांग कई बार उठा चुके हैं।
मुंबई रूट पर सीटों की किल्लत
वर्तमान में टाटानगर होकर मुंबई के लिए छह ट्रेनें संचालित होती हैं, लेकिन आरक्षण कोटा सीमित होने के कारण चक्रधरपुर मंडल के यात्रियों को अक्सर कन्फर्म सीट नहीं मिल पाती। ऐसे में अंत्योदय एक्सप्रेस के दोबारा शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।










