सोशल संवाद / नई दिल्ली: पुरानी दिल्ली के विकास और विरासत संरक्षण को नई दिशा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा शाहजहांाबाद रीडिवेलपमेंट कॉरपोरेशन का नाम बदलकर इन्द्रप्रस्थ विरासत विकास निगम किए जाने का स्वागत किया गया है। इस फैसले पर चाँदनी चौक नागरिक मंच के महामंत्री एवं दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इसे ऐतिहासिक और जनभावनाओं के अनुरूप कदम बताया।

यह भी पढे : इन्द्रप्रस्थ विकास पार्टी का बीजेपी में विलय, मुकेश गोयल समेत 16 पार्षद भाजपा में शामिल
प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि वर्षों से पुरानी दिल्ली के निवासी और व्यापारी इस निगम के नाम परिवर्तन तथा क्षेत्र के समग्र विकास की मांग कर रहे थे। उनका मानना है कि नए नाम के साथ अब पुरानी दिल्ली के ऐतिहासिक महत्व, सांस्कृतिक विरासत और बुनियादी ढांचे के विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2000 के शुरुआती दौर में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने शाहजहांाबाद रीडिवेलपमेंट कॉरपोरेशन का गठन कर पुरानी दिल्ली के व्यापक विकास का वादा किया था। हालांकि पिछले लगभग 25 वर्षों में अपेक्षित स्तर पर विकास कार्य नहीं हो सके। चाँदनी चौक मुख्य सड़क का सौंदर्यीकरण जरूर किया गया, लेकिन रखरखाव और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के अभाव में उसका लाभ लंबे समय तक नहीं मिल पाया।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि वर्ष 2026 की शुरुआत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस निगम की जिम्मेदारी अपने स्तर पर संभाली और सबसे पहले मरघट वाले हनुमान मंदिर क्षेत्र के विकास कार्यों को इसमें शामिल कर नई पहल की। अब निगम का नाम बदलकर इन्द्रप्रस्थ विरासत विकास निगम किए जाने से यह स्पष्ट संदेश गया है कि सरकार राजधानी की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और विकास को प्राथमिकता दे रही है।
प्रवीण शंकर कपूर ने उम्मीद जताई कि नाम परिवर्तन केवल औपचारिक बदलाव नहीं होगा, बल्कि इसके साथ ही पुरानी दिल्ली में विकास, संरक्षण और बेहतर रखरखाव का नया दौर शुरू होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में पुरानी दिल्ली की गंगा-जमुनी तहजीब, ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए क्षेत्र का सर्वांगीण विकास किया जाएगा।










