सोशल संवाद / डेस्क : देश में E20 पेट्रोल को लेकर बहस लगातार तेज होती जा रही है। सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें वाहन मालिक दावा कर रहे हैं कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से उनकी गाड़ियों की परफॉर्मेंस प्रभावित हो रही है। हाल ही में लोकप्रिय यूट्यूबर सौरभ जोशी ने भी एक वीडियो साझा कर दावा किया कि E20 पेट्रोल की वजह से उनकी Mercedes-Benz कार का माइलेज काफी कम हो गया। इसके बाद Mercedes-Benz India ने आधिकारिक बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की है।

यह भी पढ़े : Eastern Railway ने Q1 में बनाया रिकॉर्ड, ट्रैक नवीनीकरण और सुरक्षा कार्यों में हासिल की बड़ी उपलब्धि
सौरभ जोशी ने क्या दावा किया?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल हुए वीडियो में सौरभ जोशी अपनी पत्नी के साथ कार में नजर आते हैं। वीडियो में उन्होंने दावा किया कि उनकी Mercedes-Benz कार का माइलेज पहले करीब 17 किमी प्रति लीटर था, जो पहले घटकर 9 किमी प्रति लीटर हुआ और बाद में 5 किमी प्रति लीटर तक पहुंच गया।
उन्होंने कहा कि E20 पेट्रोल की वजह से उन्हें अब पेट्रोल भरवाने में भी डर लगने लगा है। सौरभ ने यह भी बताया कि इसी कारण उन्होंने इलेक्ट्रिक G-Wagon खरीदने का फैसला किया, ताकि पेट्रोल से जुड़ी परेशानियों से बचा जा सके।
Mercedes-Benz ने जारी की कस्टमर एडवाइजरी
वीडियो वायरल होने के बाद Mercedes-Benz India ने सोशल मीडिया पर एक Customer Advisory जारी करते हुए कहा कि कंपनी अपने ग्राहकों की सुरक्षा, वाहन की विश्वसनीयता और बेहतर प्रदर्शन को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।
कंपनी के अनुसार:-
- Mercedes-Benz के सभी BS VI पेट्रोल वाहन E20 फ्यूल के अनुकूल (E20 Compatible) हैं।
- कंपनी के मुताबिक इन वाहनों को संबंधित सरकारी प्राधिकरणों से आवश्यक प्रमाणन भी प्राप्त है।
- यदि किसी ग्राहक को तकनीकी समस्या या कोई सवाल है, तो वह कंपनी के अधिकृत सर्विस सेंटर या ग्राहक सहायता से संपर्क कर सकता है।
- Mercedes-Benz ने दोहराया कि वह सतत और पर्यावरण अनुकूल मोबिलिटी के लिए प्रतिबद्ध है।
E20 पेट्रोल को लेकर क्यों हो रहा है विवाद?
देशभर में E20 पेट्रोल लागू होने के बाद से इसे लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं। केंद्र सरकार का कहना है कि E20 ईंधन सुरक्षित है और इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया गया है। सरकार का उद्देश्य पेट्रोल में इथेनॉल की हिस्सेदारी बढ़ाकर कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
हालांकि, सोशल मीडिया पर कई वाहन मालिक यह दावा कर रहे हैं कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से—
- इंजन की परफॉर्मेंस प्रभावित हो रही है।
- माइलेज में कमी आ रही है।
- कुछ वाहनों में तकनीकी दिक्कतें देखने को मिल रही हैं।
इन दावों की पुष्टि किसी स्वतंत्र तकनीकी जांच या आधिकारिक रिपोर्ट से नहीं हुई है।
मनीष कश्यप ने भी लगाए थे आरोप
सौरभ जोशी से पहले यूट्यूबर मनीष कश्यप ने भी वीडियो जारी कर आरोप लगाया था कि E20 पेट्रोल के कारण उनकी गाड़ी में खराबी आई। इसके बाद सोशल मीडिया पर E20 पेट्रोल को लेकर बहस और तेज हो गई।
क्या है E20 पेट्रोल?
E20 पेट्रोल ऐसा ईंधन है जिसमें 20 प्रतिशत इथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल का मिश्रण होता है। सरकार का मानना है कि इससे प्रदूषण कम होगा, किसानों को लाभ मिलेगा और देश की ईंधन आयात पर निर्भरता घटेगी।










