सोशल संवाद/डेस्क : बिहार में सड़क संपर्कता के लिहाज से महत्वपूर्ण बक्सर-भागलपुर छह लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) जल्द तैयार होगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इसकी एडवाइजर की परामर्श सेवाएं प्राप्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। मंत्रिमंडल ने 15 प्रस्तावों पर मुहर लगाई।
यह भी पढे : 18 करोड़ से गोविंदपुर हॉल्ट बनेगा ब्लॉक स्टेशन
कैबिनेट विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद चौधरी ने बताया कि यह एक्सप्रेसवे राज्य के 13 जिलों से गुजरेगा। डीपीआर व ट्रांजेक्शन एडवाइजर की परामर्श सेवाओं के लिए 66.58 करोड़ की प्रशासनिक प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी है। डीपीआर के अंतर्गत तकनीकी, आर्थिक, पर्यावरणीय एवं सामाजिक पहलुओं का अध्ययन होगा। ट्रांजेक्शन एडवाइजर के जरिए प्रभावी क्रियान्वयन की रूपरेखा तैयार होगी।
इस एक्सप्रेसवे से सूबे के पश्चिमी एवं पूर्वी क्षेत्रों के बीच नया कॉरिडोर विकसित होगा। पश्चिम में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे तथा पूरब में प्रस्तावित रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे से इसका संपर्क होगा। यह दिल्ली- लखनऊ-बक्सर-भागलपुर-हल्दिया कॉरिडोर का भी हिस्सा होगा।
13 जिलों से गुजरेगी सड़क
एक्सप्रेसवे बक्सर, भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, गया, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, मुंगेर, बांका एवं भागलपुर से होकर गुजरेगा। पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने बताया कि प्रस्तावित एक्सप्रेसवे बिहार के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास का एक महत्वपूर्ण कॉरिडोर साबित होगा।











