सोशल संवाद / जमशेदपुर: मानगो नगर निगम क्षेत्र में लंबित विकास योजनाओं, बदहाल सफाई व्यवस्था और बढ़ती जनसमस्याओं को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। शुक्रवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की मौजूदगी में बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में जदयू कार्यकर्ताओं और मानगो जनसुविधा समिति की बैठक हुई। बैठक में फैसला लिया गया कि 27 जुलाई को मानगो नगर निगम कार्यालय के समीप धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

यह भी पढे : हल्की बारिश में ईस्ट प्लांट बस्ती जलमग्न, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुलवंत सिंह बंटी ने लिया जायजा
लंबित विकास योजनाओं पर जताई नाराजगी
बैठक में बताया गया कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में करीब 12.13 करोड़ रुपये की लागत वाली 38 विकास योजनाएं अब भी अधूरी पड़ी हैं। इनमें 3.53 करोड़ रुपये की लागत वाली 32 योजनाओं का शिलान्यास दिसंबर 2025 में किया गया था, जबकि 6.73 करोड़ रुपये की दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास अप्रैल 2026 में हुआ। इसके बावजूद अधिकांश योजनाओं पर अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है।
बारिश से पहले नहीं बने नाले, बाढ़ का खतरा बरकरार
बैठक में देशबंधु लाइन, नित्यानंद कॉलोनी और आसपास के इलाकों में हर वर्ष होने वाले जलजमाव और बाढ़ की समस्या पर भी चिंता व्यक्त की गई। बताया गया कि क्षेत्र को राहत देने के लिए 2.44 करोड़ रुपये की लागत से चार बड़े नालों के निर्माण और जीर्णोद्धार की योजना स्वीकृत हुई थी। निविदा प्रक्रिया पूरी होने और संवेदकों की नियुक्ति के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
हर वार्ड में बनेगी निगरानी समिति
विधायक सरयू राय ने कहा कि मानगो के प्रत्येक वार्ड में दो-दो सदस्यों की निगरानी समिति बनाई जाएगी। ये समितियां वार्ड स्तर की समस्याओं पर नजर रखेंगी और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि जदयू कार्यकर्ता और मानगो जनसुविधा समिति संयुक्त रूप से बड़े नालों की सफाई और विकास कार्यों की निगरानी करेंगे तथा इसकी रिपोर्ट तैयार कर उन्हें सौंपेंगे।
कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल
बैठक में कार्यकर्ताओं ने मानगो क्षेत्र में बढ़ते अपराध और कथित असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक सरयू राय के एक बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत कर उनका पुतला दहन किया गया और इस दौरान उनके चित्र के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इस मामले में उलीडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं होने पर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी व्यक्त की।
जदयू नेताओं ने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज सिंह, मानगो जनसुविधा समिति के संयोजक पप्पू सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










