सोशल संवाद / रांची : प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के 25 लाख रुपये के इनामी नक्सली अजय महतो उर्फ टाइगर उर्फ बासुदेव को गिरिडीह पुलिस ने गुरुवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया। संगठन की स्पेशल एरिया कमेटी (एसएसी) का सदस्य अजय महतो लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बना हुआ था। अजय को हरलाडीह इलाके से पकड़ा गया। उसके साथ दो अन्य नक्सलियों को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के दौरान अजय के पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए।

यह भी पढे : धनबाद में केरल एक्सप्रेस (अलेप्पी एक्सप्रेस) से कॉपर केबल चोरी, डेढ़ घंटे तक रुकी रही ट्रेन
कुख्यात अजय महतो के क्षेत्र में रहने की जानकारी गिरिडीह एसपी डॉ बिमल कुमार को मिली थी। इसी सूचना पर तत्काल एक विशेष टीम गठित की गई। जिस करमू के घर में अजय छिपा था, वहां से उसे टीम ने दबोच लिया। अजय महतो से पुलिस लंबी पूछताछ करेगी। ऐसे अभी इस मामले में गिरिडीह पुलिस कुछ भी बता नहीं रही है। एसपी डॉबिमल कुमार का कहना है कि अभी नक्सलियों के खिलाफ अभियान चल रहा है।
पीसी शर्मा हत्याकांड के बाद चर्चा में आया :
अजय का नाम वर्ष 2012 में मधुबन स्थित दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र कमेटी के तत्कालीन महाप्रबंधक पीसी शर्मा की हत्या के चर्चित मामले में भी सामने आया था।
अजय को मिसिर बेसरा का बेहद करीबी माना जाता है
अजय महतो पीरटांड़ के नावाडीह का रहनेवाला हैं। वह माओवादी संगठन के शीर्ष नेता व एक करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा का करीबी माना जाता रहा है। उसके खिलाफ पुलिस पर हमला, आईईडी विस्फोट, रंगदारी वसूली से जुड़े 240 से अधिक मामले झारखंड समेत बिहार, ओडिशा व छतीसगढ़ में दर्ज हैं।










