सोशल संवाद / डेस्क : ज़ेवियर पब्लिक स्कूल, डोरकासाई में जीसी सीआरपीएफ, जादूगोड़ा के अधिकारियों एवं जवानों की गरिमामयी उपस्थिति में एक प्रेरणादायक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सीआरपीएफ के 88वें स्थापना दिवस के अवसर पर MyGov पोर्टल पर चल रहे #CRPF@88 अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न ऑनलाइन प्रतियोगिताओं की जानकारी देना तथा विद्यार्थियों को सीआरपीएफ के गौरवशाली इतिहास, कार्यों एवं राष्ट्रसेवा के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मकसूद आलम (असिस्टेंट कमांडेंट, जीसी सीआरपीएफ, जादूगोड़ा) तथा विशिष्ट अतिथि प्रीतम कुमार (इंस्पेक्टर, जीसी सीआरपीएफ, जादूगोड़ा) अपने अन्य सीआरपीएफ जवानों के साथ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के एम.पी. हॉल में हुआ, जहाँ विद्यालय के प्राचार्य राजीव रंजन ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए स्वागत भाषण दिया। इसके पश्चात प्रीतम कुमार ने #CRPF@88 अभियान एवं MyGov पोर्टल पर आयोजित ऑनलाइन प्रतियोगिताओं की विस्तृत जानकारी विद्यार्थियों को दी। अंत में मुख्य अतिथि मकसूद आलम ने सीआरपीएफ के इतिहास, संगठन की भूमिका, कर्तव्यों तथा देश सेवा के प्रेरणादायक अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उनका संबोधन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं उत्साहवर्धक रहा।
इसके उपरांत विद्यार्थियों को सीआरपीएफ की एक आधिकारिक डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई, जिससे उन्हें संगठन के साहस, समर्पण और राष्ट्र सेवा की भावना को निकट से जानने का अवसर मिला कार्यक्रम के अगले चरण में विद्यालय की प्रार्थना सभा में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, समस्त विद्यार्थियों तथा सीआरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने सामूहिक रूप से “Pledge for Service and Loyalty” की शपथ ली। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने “Colours of Courage” विषय पर आकर्षक चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया तथा #CRPF@88 अभियान के अंतर्गत आयोजित ऑनलाइन क्विज़ प्रतियोगिता में भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार द्वारा सभी सम्मानित अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन, सेवा भावना एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ।









