सोशल संवाद / नई दिल्ली : दिल्ली सरकार के मुख्य प्रवक्ता अभय वर्मा ने आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज द्वारा छात्राओं को वितरित की गई साइकिलों की खरीद पर लगाए गए आरोपों को तथ्यहीन, भ्रामक और राजनीतिक निराशा का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त शासन स्थापित होने के बाद विपक्ष के पास जनहित के मुद्दे नहीं बचे हैं, इसलिए वह हर कल्याणकारी योजना को विवादित बनाने का प्रयास कर रहा है।

मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली के राजनीतिक इतिहास में पहली बार सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत नौवीं कक्षा की छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें उपलब्ध कराई गई हैं। इस योजना से हजारों बेटियों के लिए विद्यालय तक पहुंचना आसान हुआ है, समय और आर्थिक संसाधनों की बचत हुई है तथा अभिभावकों में भी संतोष का वातावरण है। दिल्ली सरकार का मानना है कि जब एक बेटी की शिक्षा आसान होती है तो उसका लाभ पूरे परिवार और समाज को मिलता है।
उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि दिल्ली की बच्चियों के चेहरे पर आई मुस्कान भी आम आदमी पार्टी के नेताओं को स्वीकार नहीं हो रही। जो लोग वर्षों तक दिल्ली की बेटियों के लिए ऐसी कोई योजना नहीं ला सके, वे आज पहली बार शुरू की गई इस जनकल्याणकारी पहल पर भी निराधार आरोप लगा रहे हैं। प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि साइकिलों की खरीद भारत सरकार के जीईएम पोर्टल (Government e-Marketplace-GeM) के माध्यम से निर्धारित नियमों और पूर्ण पारदर्शिता के साथ की गई है। यह पोर्टल सरकारी खरीद का अधिकृत डिजिटल मंच है, जहां प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के माध्यम से खरीद सुनिश्चित की जाती है। ऐसे में साइकिल खरीद को लेकर लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोप तथ्यों से परे हैं और केवल राजनीतिक भ्रम फैलाने का प्रयास हैं।
मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार का पूरा ध्यान गरीब, मध्यम वर्ग, महिलाओं और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने पर केंद्रित है। पात्र परिवारों के राशन कार्ड बनाए जा रहे हैं, ‘जहां झुग्गी, वहां मकान’ के संकल्प को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है तथा आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आरोग्य मंदिरों की स्थापना की जा रही है। सरकार का प्रत्येक निर्णय जनकल्याण और सुशासन की भावना से प्रेरित है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की बच्चियों की एक महत्वपूर्ण योजना पर प्रश्नचिह्न लगाना न केवल भ्रामक है, बल्कि उन हजारों छात्राओं और उनके परिवारों का भी अपमान है, जिन्हें इस योजना से वास्तविक लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का राजनीतिक चरित्र हमेशा नकारात्मक राजनीति पर आधारित रहा है। दिल्ली के विकास, महिलाओं के सशक्तीकरण और गरीबों के कल्याण से जुड़े प्रत्येक निर्णय में भी उसे केवल आरोप लगाने का अवसर दिखाई देता है। जनता अब इस राजनीति को भली-भांति समझ चुकी है और विकास तथा सुशासन के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश दे चुकी है।









