सोशल संवाद / नई दिल्ली : स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली भाजपा ने राजधानी में कई कार्यक्रमों की तैयारी की है। 9 से 15 अगस्त तक तिरंगा यात्रा, शहीद स्मारकों की सफाई, शहीद परिवारों का सम्मान और विभाजन विभीषिका दिवस जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

यह भी पढे : Raghav Chadha Meets PM Modi पीएम मोदी से मिले राघव चड्ढा, पंजाब चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि इन कार्यक्रमों का आयोजन जिला और मंडल स्तर तक किया जाएगा। इसका उद्देश्य स्वतंत्रता आंदोलन के शहीदों को याद करना और लोगों को उनके योगदान से जोड़ना है।
9 अगस्त से शुरू होगी तिरंगा यात्रा
कार्यक्रमों की शुरुआत 9 अगस्त सुबह 9:30 बजे मालवीय नगर से होगी। सांसद बांसुरी स्वराज पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी।
इसके बाद सुबह 10:15 बजे पिलंजी गांव से ग्रेटर कैलाश तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।
पार्टी के मुताबिक, 9 अगस्त को दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
शहीद स्मारकों की होगी सफाई
स्वतंत्रता दिवस सप्ताह के दौरान दिल्ली के अलग-अलग शहीद स्मारकों पर सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा।
इसके अलावा पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शहीद परिवारों से उनके घर जाकर मुलाकात करेंगे और उन्हें सम्मानित करेंगे।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस
14 अगस्त को दिल्ली के सभी 14 जिलों में विभाजन विभीषिका दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान संगोष्ठियों के साथ मौन जुलूस भी निकाला जाएगा।
इस कार्यक्रम के जरिए विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों और प्रभावित परिवारों को याद किया जाएगा।
15 अगस्त को लाल किले पहुंचेंगे भाजपा नेता
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भाजपा नेता और कार्यकर्ता लाल किले पहुंचेंगे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होंगे और उनका संबोधन सुनेंगे।
कई बड़े नेता होंगे कार्यक्रमों में शामिल
कार्यक्रम संयोजक विष्णु मित्तल के मुताबिक, 9 अगस्त को राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, सांसद योगेंद्र चांदोलिया, कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज, मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह, विधायक अजय महावर समेत कई वरिष्ठ नेता अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
दिल्ली भाजपा के मुताबिक, 9 से 15 अगस्त तक होने वाले इन कार्यक्रमों के जरिए स्वतंत्रता आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ लोगों को देश के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।









