सोशल संवाद / डेस्क : ‘आवारापन 2’ की सफलता के बाद इमरान हाशमी एक बार फिर बड़े पर्दे पर दमदार अंदाज में वापसी करने जा रहे हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म ‘Gunmaaster G9’ का पहला टीजर रिलीज हो गया है, जिसमें इमरान हाशमी जबरदस्त एक्शन और रोमांस के बीच नजर आ रहे हैं। टीजर सामने आते ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ गया है।

यह भी पढ़े : सलमान खान ने बॉडी डबल परवेज काजी की मदद की, हार्ट सर्जरी के बाद छोटे भाई की तरह रखा ख्याल
टीजर में इमरान हाशमी ईश्वर नाम के किरदार में नजर आते हैं। उनका किरदार अपनी मोहब्बत के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार दिखाई देता है। फिल्म में रोमांस के साथ-साथ जबरदस्त एक्शन और इमोशनल ड्रामा का तड़का देखने को मिलेगा। इमरान के किरदार की महादेव में आस्था भी कहानी का अहम हिस्सा नजर आ रही है।
इमरान-हिमेश की जोड़ी फिर साथ
‘Gunmaaster G9’ में इमरान हाशमी और म्यूजिक कंपोजर हिमेश रेशमिया एक बार फिर साथ आए हैं। दोनों की जोड़ी इससे पहले कई हिट गानों के लिए जानी जाती रही है। फिल्म का निर्देशन आदित्य दत्त कर रहे हैं। इमरान और आदित्य इससे पहले ‘Aashiq Banaya Aapne’ और ‘Dil Diya Hai’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं।
फिल्म में इमरान के साथ जेनेलिया डिसूजा और अपारशक्ति खुराना भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। टीजर में इमरान और जेनेलिया की लव स्टोरी की झलक के साथ कई एक्शन सीक्वेंस भी देखने को मिलते हैं।
27 नवंबर को रिलीज होगी फिल्म
मेकर्स ने ‘Gunmaaster G9’ की रिलीज डेट भी तय कर दी है। यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को एक्शन, रोमांस और म्यूजिक से भरपूर थिएट्रिकल एंटरटेनर के तौर पर पेश किया जा रहा है।
इमरान हाशमी के इस नए अवतार को देखने के लिए उनके फैंस काफी उत्साहित हैं। ‘आवारापन 2’ के बाद अब ‘Gunmaaster G9’ में उनका एक्शन अंदाज कितना धमाल मचाता है, यह फिल्म की रिलीज के बाद ही पता चलेगा।









