सोशल संवाद/जमशेदपुर : त्योहारी सीजन के शुरू होते ही खाद्य पदार्थों के बढ़ते दाम ने घरेलू बजट पर दबाव बढ़ा दिया है। बाजार में चीनी, प्याज, अदरक, लहसुन, दाल, तेल और मसालों की कीमतों में तेजी आई है। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, एक सप्ताह पहले 45 से 50 रुपए किलो बिकने वाली चीनी अब 70 से 75 रुपए तक पहुंच गई है।

यह भी पढे : मोहरदा जलापूर्ति फेज-3 को 67.36 करोड़ की मंजूरी, नया इंटेक वेल बनेगा, जानिए किसे होगा फायदा
प्याज भी अगस्त के पहले सप्ताह के 30-35 रुपए से बढ़कर 60 रुपए किलो हो गया है। लहसुन 230 से 260 रुपए और अदरक 200 से 260 रुपए किलो तक बिक रहा है। गुड़ की कीमत 60 से 70 रुपए किलो हो गई है। दाल और खाद्य तेल के दाम भी बढ़े हैं। परसूडीह मंडी में प्याज की आवक घटकर 7-8 ट्रक प्रतिदिन रह गई है, जबकि पहले 10-12 ट्रक आते थे। व्यापारियों के अनुसार नासिक और आसपास बारिश से प्याज की पहली फसल प्रभावित हुई है।
खुदरा व्यापारी बड़ा मुनाफा वसूल रहे
मंडी व्यापारी पंकज साव के अनुसार नासिक और आसपास पहली फसल बारिश से प्रभावित हुई है। नई फसल आने में अधिक समय लगेगा। ऐसे में पुराने प्याज का स्टॉक निकालना होगा। व्यापारी अनिल कुमार मंडल के अनुसार नासिक मंडी में प्याज का थोक भाव फिलहाल 40 रुपए किलो है। वहां से जमशेदपुर पहुंचने तक कीमत 45 से 50 रुपए किलो हो जाती है। इसके बाद खुदरा कारोबारी अपना मुनाफा जोड़कर प्याज 55-60 रुपए किलो बेच रहे हैं।









