Responsive Full Width Slider

झारखंड की जमीन और संसाधनों पर किसी का कब्जा नहीं होने देंगे : जोबा माझी

By Tamishree Mukherjee

Published :

Follow
We will not allow anyone to take over Jharkhand's land

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / नोवामुंडी : नोवामुंडी प्रखंड स्थित आदिवासी एसोसिएशन भवन में आयोजित कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) को उस समय बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली, जब विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कई लोगों ने अपने पुराने दलों को छोड़कर झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल होने वालों में भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष एवं एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष सह हो समाज युवा महासभा जगन्नाथपुर अनुमंडल अध्यक्ष मंजीत कोड़ा तथा जेकेएलएम जगन्नाथपुर प्रखंड अध्यक्ष सुरेंद्र सिंकू सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।

यह भी पढ़े : भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर कोल्हान में गरजी सुधार यात्रा, युवाओं ने किया प्रदर्शन

कार्यक्रम में नवाज हुसैन बिरसा, कानूराम बोबोंगा, मनोज बोबोंगा, संजय जेराई, सुदर्शन लागुरी, पुनीत लागुरी और समीर लागुरी समेत कई लोगों ने झामुमो का दामन थामा। सभी नए सदस्यों का झामुमो जिला समिति की ओर से गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उन्हें अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर पार्टी में शामिल किया गया। नए सदस्यों ने झामुमो की विचारधारा, झारखंड के जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों की लड़ाई में आस्था व्यक्त करते हुए पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहने का संकल्प लिया।

जनता का भरोसा झामुमो के साथ बढ़ रहा : जोबा माझी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने कहा कि झामुमो ही वह राजनीतिक शक्ति है, जिसने हमेशा झारखंड और यहां के लोगों के अधिकारों की आवाज को मजबूती से उठाया है। नोवामुंडी सहित पूरे पश्चिमी सिंहभूम में झामुमो के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। विभिन्न दलों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का झामुमो में शामिल होना इसका स्पष्ट संकेत है। उन्होंने कहा कि जनता अब खोखले राजनीतिक नारों और अवसरवादी राजनीति को नकार रही है। लोग ऐसी राजनीति चाहते हैं, जो जमीन पर दिखाई दे और उनके अधिकार, सम्मान तथा भविष्य के लिए संघर्ष करे।

सांसद ने कहा कि झारखंड की जनता अपने जल, जंगल, जमीन और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए हमेशा मजबूती से खड़ी रही है। उन्होंने कहा, झारखंड की धरती से एक भी टुकड़ा, एक भी संसाधन और झारखंड की जनता के अधिकार का एक भी हिस्सा हम किसी कीमत पर छिनने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा झारखंड के अधिकारों और हितों को प्रभावित करने वाले कानूनों एवं नीतियों के खिलाफ सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।

गुआ शहीद दिवस ऐतिहासिक पल होगा

सांसद जोबा माझी ने कहा कि गुआ शहीद दिवस झारखंड के इतिहास और संघर्ष की स्मृतियों से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है और इस वर्ष का आयोजन ऐतिहासिक पल होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से बड़ी संख्या में इसमें भाग लेने का आह्वान किया।

खनिज संपदा के बावजूद बुनियादी सुविधाओं की चुनौती : देवगम

झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल केवल चुनाव के समय जनता के बीच दिखाई देते हैं और बड़े-बड़े वादे करके गायब हो जाते हैं। इसके विपरीत झामुमो लगातार जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करता रहा है।

उन्होंने कहा कि नोवामुंडी खनिज संपदा से समृद्ध क्षेत्र है, लेकिन यहां के लोगों के अधिकार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के सवाल आज भी महत्वपूर्ण हैं। झामुमो इन मुद्दों पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। पार्टी की लड़ाई सिर्फ सत्ता के लिए नहीं, बल्कि झारखंड के संसाधनों पर यहां के लोगों के अधिकार और सम्मान की रक्षा के लिए है। नए सदस्यों का स्वागत करते हुए देवगम ने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान के साथ जिम्मेदारी भी दी जाएगी। सभी नए सदस्य गांव, पंचायत और प्रखंड स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा आम जनता की समस्याओं को पार्टी के मंच तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। झामुमो जिला सचिव राहुल आदित्य ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा एवं जनहित के मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

झामुमो जिला महिला अध्यक्ष सह जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरीन ने कहा कि आने वाले समय में नोवामुंडी में झामुमो का संगठन और अधिक मजबूत होगा। वहीं जिला उपाध्यक्ष प्रेम सिंह मुंडरी ने कहा कि नोवामुंडी में लगातार बढ़ रहा जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि जनता का भरोसा झामुमो के साथ है।कार्यक्रम में युवा जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंकू, जिला संयुक्त सचिव विश्वनाथ बाड़ा, जिला उपाध्यक्ष अशोक दास, नोवामुंडी प्रखंड अध्यक्ष दुर्गाचरण देवगम, जगन्नाथपुर प्रखंड अध्यक्ष महेंद्र तिरिया समेत बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने की। मंच संचालन जिला सचिव राहुल आदित्य ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अभिषेक सिंकू ने किया।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट