सोशल संवाद / जमशेदपुर: शहर के व्यस्त बिष्टुपुर इलाके में स्थित LIC भवन की चौथी मंजिल में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
यह भी पढे : Tata Steel Colors को 20वें CII Eastern Region SHE Excellence Awards में सम्मान
चौथी मंजिल से उठने लगीं आग की लपटें
बताया गया कि LIC भवन की चौथी मंजिल से आग और धुआं निकलता देखकर सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इसके बाद झारखंड अग्निशमन विभाग के साथ टाटा स्टील की फायर टीम भी मौके पर पहुंची।
आग की भयावहता को देखते हुए करीब चार दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। आग तेज होने के कारण दमकल कर्मियों को करीब तीन घंटे तक लगातार मशक्कत करनी पड़ी।
कॉन्फ्रेंस हॉल में लगी थी आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग भवन की चौथी मंजिल स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में लगी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद LIC के वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
आग से चौथी मंजिल में मौजूद फर्नीचर, दस्तावेज और अन्य सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद निरीक्षण के दौरान किया जाएगा।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
अग्निशमन विभाग की प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग के वास्तविक कारण की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी।
राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है। दमकल टीम ने आग को अन्य मंजिलों और आसपास की इमारतों तक फैलने से रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया।
नुकसान का आकलन जांच के बाद
LIC अधिकारियों और अग्निशमन विभाग की ओर से आग से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। निरीक्षण के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि चौथी मंजिल पर कितने सामान और दस्तावेज प्रभावित हुए हैं।











