सोशल संवाद / जमशेदपुर : साकची थाना अंतर्गत सब्जी मंडी स्थित गुप्ता लॉज में रविवार रात पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस को लॉज में असामाजिक तत्वों के आने-जाने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम रात में लॉज पहुंची और जांच शुरू की। इस दौरान लॉज के रजिस्टर की भी जांच की गई, जिसमें कई खामियां मिलीं।
यह भी पढे : एमजीएम में रैगिंग पर 17 छात्र हॉस्टल से निकाले गए, जुर्माना
रजिस्टर की जांच के बाद पुलिस ने कमरों की तलाशी ली। एक कमरे से आपत्तिजनक सामान और शराब की बोतलें बरामद हुईं। मौके पर संदिग्ध गतिविधियों के संकेत भी मिले। इसके बाद पुलिस ने लॉज संचालक समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने इस मामले में मानगो निवासी लॉज संचालक मानिक साह और कर्मचारी नारायण तंतुबाई को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए न्यायिक प्रक्रिया में भेज दिया गया।
साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव के बयान पर दोनों गिरफ्तार आरोपियों के अलावा बर्मामाइंस निवासी कंचन कुमारी के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। छापेमारी में मिला सामान और रजिस्टर की खामियां जांच का हिस्सा बनाई गई हैं।











