सोशल संवाद / जमशेदपुर : आवास बोर्ड छोटा गोविंदपुर और आदित्यपुर में चार नई परियोजनाओं पर काम कर रहा है। इसके तहत छोटा गोविंदपुर में दो और आदित्यपुर में दो परियोजनाओं का क्रियान्वयन होना है। छोटा गोविंदपुर में मार्केट कॉम्प्लेक्स और सामुदायिक भवन का निर्माण होगा। आदित्यपुर के दिंदली में कॉमर्सियल बिल्डिंग और आदित्यपुर में ही आवास बोर्ड के वर्तमान जर्जर भवन को तोड़कर उसी जगह पर नये भवन का निर्माण शामिल है।
यह भी पढ़े : जमशेदपुर में रतन टाटा की पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर, 88 यूनिट रक्त संग्रह
आवास बोर्ड ने इन चारों परियोजनाओं की डीपीआर बनाने के लिए टेंडर निकाला है। 6 नवंबर को इसमें भाग लेने वालों का निविदा प्रपत्र खोला जाएगा। चयनित होने वाली एजेंसी को 30 दिन में इन चारों परियोजनाओं का डीपीआर बनाकर देना होगा। छोटा गोविंदपुर में जो सामुदायिक भवन बनेगा उसके लिए 0.5216 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है।
छोटा गोविंदपुर में ही प्रस्तावित मार्केट कॉम्प्लेक्स के लिए एक खाली जगह चिह्नित है। आदित्यपुर के दिंदली में बनने वाले व्यावसायिक भवन का निर्माण 0.4499 एकड़ पर जबकि वर्तमान कार्यालय को तोड़कर उसी जगह पर नये ऑफिस का निर्माण 0.4390 एकड़ पर किया जाएगा। आवास बोर्ड का वर्तमान कार्यालय मरम्मत के अभाव में बुरी तरह जर्जर हो चुका है। इस वजह से बोर्ड ने अपना कार्यालय बनवाने का निर्णय लिया है।
जमीन को बचाना लक्ष्य
छोटा गोविंदपुर और आदित्यपुर में तीन परियोजनाओं का निर्माण आवास बोर्ड खाली पड़ी जमीन पर अवैध कब्जा को रोकने और राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से करवा रहा है। कई माह पूर्व जब आवास बोर्ड के चेयरमैन संजय लाल पासवान जमशेदपुर आये थे, तभी उन्होंने छोटा गोविंदपुर की दोनों परियोजनाओं की घोषणा की थी। हालांकि अब जाकर इन योजनाओं को धरातल पर उतारने की गंभीर कोशिश शुरू हुई है।










