सोशल संवाद / जमशेदपुर: दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन में नई उम्मीद जगाने के उद्देश्य से जमशेदपुर हेल्प क्रॉस सोसाइटी एवं इनाली फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क कृत्रिम हाथ (LN4) वितरण शिविर का आयोजन किया गया। बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित इस शिविर में करीब 70 दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
यह भी पढ़े : घाटशिला थाने में न्याय मांगने पहुंची महिला ने खाया जहर, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
शिविर में पूर्वी सिंहभूम जिले के अलावा ओडिशा और पश्चिम बंगाल से भी दिव्यांगजन पहुंचे। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराकर उन्हें दैनिक कार्यों में सक्षम बनाना और उनके जीवन को पहले से अधिक सहज बनाना है।
मौके पर मौजूद एसडीओ अर्नब मिश्रा ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों के हित में इस तरह का कार्य बेहद सराहनीय है। ऐसी पहल से जरूरतमंद लोगों को नई उम्मीद मिलती है और वे आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं।
वहीं, संस्था के चेयरमैन कुलवंत सिंह बंटी ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों के जीवन में नई उम्मीद जगाना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और उनकी रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को सहायता प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।










