सोशल संवाद / डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की माताजी के स्वास्थ्य के बारे में आत्मीयता से जानकारी ली। प्रधानमंत्री के इस व्यक्तिगत स्नेह और संवेदनशीलता से अर्जुन मुंडा भावुक हो गए। उन्होंने इस आत्मीय व्यवहार के लिए प्रधानमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया।
यह भी पढे : जेवियर पब्लिक स्कूल डोरेकासाई में धूमधाम से मना दीपावली समारोह, बच्चों ने पेश की राम दरबार की झांकी
अर्जुन मुंडा 5 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी खेल परिसर के के.डी. जाधव हॉल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशियाई पैरा खेल 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के साथ संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने मुंडा की माताजी का हालचाल पूछा।
मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा उनकी मां के स्वास्थ्य के बारे में पूछना उनके लिए अत्यंत भावुक और अविस्मरणीय क्षण रहा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ प्रधानमंत्री का व्यक्तिगत और पारिवारिक सरोकारों के प्रति संवेदनशील रहना उनके सहृदय व्यक्तित्व को दर्शाता है।
पैरा खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर जताया गर्व
अर्जुन मुंडा ने एशियाई पैरा खेल 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने बताया कि भारत ने प्रतियोगिता में 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य सहित कुल 114 पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। इसके अलावा भारतीय खिलाड़ियों ने 5 नए विश्व रिकॉर्ड और 9 एशियाई रिकॉर्ड भी बनाए।
तीरंदाजी टीम ने हासिल की ऐतिहासिक सफलता
भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष के रूप में मुंडा ने तीरंदाजों के प्रदर्शन पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारतीय तीरंदाजी टीम ने 3 स्वर्ण और 3 रजत पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। एशियाई पैरा खेलों के किसी एक संस्करण में तीरंदाजी में भारत का यह अब तक का सर्वाधिक स्वर्ण पदक जीतने का रिकॉर्ड है।
महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी सराहना
मुंडा ने भारतीय दल की महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों को भी प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि दल में शामिल 56 महिला खिलाड़ियों में से 34 ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि इन उपलब्धियों से देश में पैरा खेलों को बढ़ावा देने का संकल्प और मजबूत हुआ है। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, जरूरी सुविधाएं और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी सदस्यों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की











