सोशल संवाद / डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। शुक्रवार, 6 नवंबर को 36 वर्षीय शमी ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर अपने फैसले की जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने साफ किया है कि वह सीमित ओवरों के क्रिकेट में खेलना जारी रखेंगे।
यह भी पढ़े : India Wins Asian Champions Trophy 2026: भारत ने जापान को 4-1 से हराया
शमी ने 6 नवंबर 2013 को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। ठीक 13 साल बाद उसी तारीख को उन्होंने इस प्रारूप से विदाई लेने का फैसला किया। शमी को भारत की ओर से टेस्ट कैप नंबर 279 मिला था।
इंस्टाग्राम पर भावुक संदेश साझा कर दी जानकारी
मोहम्मद शमी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट कर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। अपने संदेश में उन्होंने सफेद जर्सी के साथ बिताए पलों, संघर्षों, चोटों और वापसी के अनुभवों को याद किया।
शमी ने लिखा कि पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनते समय उनका सपना अपने देश के लिए कुछ खास करने का था। इस सफर में मिले हर विकेट, संघर्ष और मुश्किल दौर ने उन्हें कुछ नया सिखाया।
उन्होंने कहा कि टेस्ट क्रिकेट उनके लिए सिर्फ एक खेल प्रारूप नहीं, बल्कि जिंदगी का बेहद खास हिस्सा रहा है। साथ ही उन्होंने अपने साथी खिलाड़ियों, कोच, परिवार, बीसीसीआई, बंगाल क्रिकेट संघ और प्रशंसकों का आभार जताया, जिन्होंने उनके अच्छे और मुश्किल समय में उनका साथ दिया।
64 टेस्ट मैचों में 229 विकेट का शानदार रिकॉर्ड
मोहम्मद शमी का टेस्ट करियर भारतीय क्रिकेट के लिए काफी अहम रहा। उन्होंने 64 टेस्ट मैचों की 122 पारियों में कुल 229 विकेट हासिल किए। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 27.71 और इकोनॉमी रेट 3.30 रहा। उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में छह बार पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड भी दर्ज है।
शमी अपनी तेज रफ्तार, सटीक लाइन-लेंथ और रिवर्स स्विंग के लिए जाने जाते रहे हैं। उन्होंने कई मौकों पर भारतीय टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई।
जून 2023 में खेला था आखिरी टेस्ट मैच
शमी ने अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला जून 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लंदन के द ओवल मैदान पर खेला था। यह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल मुकाबला था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 209 रनों से हराया था।
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से शमी भारतीय टीम का हिस्सा नहीं रहे हैं। हालांकि, घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन जारी है। मौजूदा रणजी ट्रॉफी सत्र में उन्होंने तीन मैचों में 14 विकेट हासिल किए हैं। केरल और दिल्ली के खिलाफ मुकाबलों में उन्होंने पांच-पांच विकेट लिए थे।
सीमित ओवर क्रिकेट में जारी रहेगा शमी का सफर
टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बावजूद मोहम्मद शमी ने क्रिकेट को पूरी तरह अलविदा नहीं कहा है। वह वनडे और टी-20 जैसे सीमित ओवरों के प्रारूप में खेलना जारी रखेंगे। शुक्रवार को ही उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए बंगाल की टीम में शामिल किया गया।
शमी ने अपने संदेश में कहा कि मैदान पर उनकी आखिरी टेस्ट गेंद भले ही फेंकी जा चुकी हो, लेकिन भारत के लिए खेलने का गर्व हमेशा उनके साथ रहेगा।
मोहम्मद शमी का टेस्ट क्रिकेट से जाना भारतीय गेंदबाजी के एक यादगार अध्याय का अंत है। अब उनके प्रशंसकों की नजरें सीमित ओवरों के क्रिकेट में उनके अगले प्रदर्शन पर रहेंगी।











