सोशल संवाद / जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के मनीफिट उड़िया बस्ती में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव घर में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान खुशबू कुमारी के रूप में हुई है। उसके पति मनोज कुमार कोलकाता में रहकर काम करते हैं।
यह भी पढे : Gold Silver Price Today 9 November: सोना ₹1400 और चांदी ₹4000 महंगी, जानें 24K-22K का भाव
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर खुशबू और उसके पति के बीच फोन पर कहासुनी हुई थी। बताया जा रहा है कि रविवार को खुशबू ने अपने पति को फोन किया था, लेकिन काम में व्यस्त होने के कारण मनोज उसका फोन नहीं उठा सके।
इसके बाद सोमवार सुबह मनोज ने पत्नी को फोन कर उसका हालचाल जानना चाहा। इस दौरान उन्हें खुशबू की मौत की जानकारी मिली। बताया गया कि खुशबू का शव फंदे से लटका हुआ मिला था।
घटना की सूचना मिलने के बाद टेल्को थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल विवाहिता की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पति-पत्नी के बीच हुई बातचीत समेत घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।











