सोशल संवाद / जमशेदपुर : जमशेदपुर में कला और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। गुजराती नववर्ष के खास अवसर पर नॉर्दर्न टाउन स्थित शृकुंज हाउस में कलाकार सोनाली अडेसरा ने सैंड कलर से भगवान राधा-कृष्ण की बेहद खूबसूरत रंगोली तैयार की। उनकी इस कलाकृति ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और देखने वाले इसकी बारीकियों को देखकर मंत्रमुग्ध हो गए।
यह भी पढे : झारखंड में 66.92 लाख परिवारों को हर महीने मिलेगी एक किलो चना दाल; सरकार ने निकाला टेंडर
सोनाली ने इस विशेष रंगोली को तैयार करने में लगातार 16 घंटे का समय लगाया। पांच फीट लंबी और चार फीट चौड़ी इस रंगोली में भगवान राधा-कृष्ण की मनमोहक छवि उकेरी गई है। रंगों की बारीक मिलावट, खूबसूरत शेड्स और हर छोटी-बड़ी बारीकी इसे खास बनाती है। इसे देखकर ऐसा प्रतीत होता है मानो किसी कलाकार ने कैनवास पर पेंटिंग बनाई हो, जबकि पूरी कलाकृति हाथों से तैयार की गई है।
सोनाली अडेसरा का कहना है कि रंगोली का हर स्ट्रोक भगवान के साथ उनकी एक बातचीत जैसा है। इस तरह की कलाकृति तैयार करने में परिवार का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण रहा। उनके पति कौशल अडेसरा और ससुर अश्विन अडेसरा हमेशा उनका उत्साह बढ़ाते हैं।
मुंबई मूल की सोनाली ने जमशेदपुर को अपना नया घर बनाया है। वह अपनी कला के माध्यम से लोगों के जीवन में शांति, खुशी और सकारात्मकता फैलाना चाहती हैं। उनकी यह रंगोली सिर्फ एक कलाकृति नहीं, बल्कि राधा-कृष्ण के प्रेम, आस्था और भक्ति की खूबसूरत अभिव्यक्ति है।











