सोशल संवाद / डेस्क : रामानंद सागर के चर्चित टीवी सीरियल ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता अरुण गोविल एक बार फिर रामायण की कहानी से जुड़े हैं। हालांकि, इस बार वह भगवान राम नहीं, बल्कि उनके पिता राजा दशरथ के किरदार में नजर आ रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि शुरुआत में अरुण गोविल यह भूमिका निभाने के लिए तैयार नहीं थे।
यह भी पढे : Ramayana Oscar Entry: रणबीर कपूर की रामायणम् ऑस्कर की दौड़ में
नितेश तिवारी के बार-बार मनाने पर माने अरुण गोविल
अरुण गोविल ने हाल ही में Variety India को दिए इंटरव्यू में खुलासा किया कि जब उन्हें नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में राजा दशरथ का किरदार ऑफर किया गया, तो शुरुआत में उनकी इसे करने की इच्छा नहीं थी। उन्हें इस भूमिका की जरूरत महसूस नहीं हुई थी।
हालांकि, निर्देशक नितेश तिवारी उन्हें फिल्म में शामिल करना चाहते थे। उन्होंने लगातार अरुण गोविल से इस किरदार को निभाने का आग्रह किया। अभिनेता के मुताबिक, इस भूमिका के लिए हामी भरने में उन्हें करीब तीन महीने लग गए।
उन्होंने बताया कि फिल्म की टीम पुरानी रामायण और नई फिल्म के बीच एक खास जुड़ाव बनाना चाहती थी। यही वजह थी कि निर्देशक उन्हें इस फिल्म का हिस्सा बनाना चाहते थे।
राम का किरदार निभाने के कारण दशरथ को समझना आसान था
अरुण गोविल ने बताया कि राजा दशरथ का किरदार निभाना उनके लिए बहुत मुश्किल नहीं था। जब उन्होंने राम का किरदार निभाया था, तभी से उनके मन में दशरथ के भाव और उनके चरित्र की समझ मौजूद थी।
उनके अनुसार, भगवान राम की भावनाओं को समझने के दौरान राजा दशरथ की भावनाएं भी उनके सामने स्पष्ट थीं। इसलिए पर्दे पर एक पिता के रूप में दशरथ को निभाना उनके लिए स्वाभाविक रहा।
रामायण में नजर आ रहे हैं ये कलाकार
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में हैं। वहीं, अरुण गोविल राजा दशरथ और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आ रहे हैं। फिल्म में सनी देओल और लारा दत्ता समेत कई कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।











