सोशल संवाद / जमशेदपुर: सावन माह की पावन बेला में श्याम भक्त मंडल की ओर से 23 अगस्त को शीतला मंदिर, भालूबासा में भगवान शिव के भव्य अभिषेक और आकर्षक श्रृंगार का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर मंडल की बैठक अध्यक्ष मुरारी अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ होगी। मुख्य यजमान विकास अग्रवाल, महावीर अग्रवाल और अरुण अग्रवाल संकल्प लेकर पूजा-अर्चना प्रारंभ करेंगे। इसके बाद जल, दूध और अन्य पूजन सामग्री से लगभग तीन घंटे तक भगवान भोलेनाथ का विशेष अभिषेक किया जाएगा।
शाम के समय बाबा भोलेनाथ का कच्चे फूलों से भव्य श्रृंगार किया जाएगा, जिसके बाद श्रद्धालुओं की उपस्थिति में महाआरती संपन्न होगी।
कार्यक्रम के संयोजक पवन अग्रवाल ने बताया कि रात्रि में श्याम भक्त मंडल की ओर से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। भक्ति संगीत के बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था भी रहेगी।
बैठक के दौरान राजू खंडेलवाल ने बाबा श्याम की पावन धरा स्थित श्याम कोठी में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी भी सदस्यों के साथ साझा की।
इस अवसर पर संजय शर्मा, रिंकू अग्रवाल, ऊषा गुप्ता, बजरंग केवलका, बसंत अग्रवाल, हैप्पी अग्रवाल, अनीस गुप्ता, बिमल अग्रवाल सहित श्याम भक्त मंडल के कई सदस्य उपस्थित रहे।









