सोशल संवाद/राँची : मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान राशि के लिए जिला प्रशासन के पास आवंटन आ गया है। दो माह जनवरी और फरवरी के लिए महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने आवंटन जारी किया है। परंतु राज्य सरकार की ओर से राशि के भुगतान के संबंध में अब तक कोई निर्देश जिला प्रशासन को जारी नहीं किया गया है। इस वजह से बिल बनाने का काम शुरू नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि नगर निकाय चुनाव की वजह से देर हो रही है।
यह भी पढे : होलिका दहन 2 मार्च को एवं होली 4 मार्च को मनाने का निर्णय
चुनाव बाद खाते में आएंगे पैसे
चर्चा है कि नगर निकाय चुनाव का परिणाम 27 फरवरी को आने के बाद यह राशि लाभुकों के खाते में भेजी जा सकती है। ऐसा होने से चार मार्च को मनाई जाने वाली होली के पहले लाभुकों के खाते में प्रति माह ढाई हजार के हिसाब से पांच-पांच हजार रुपये खाते में आएंगे। चर्चा यह भी है कि मतदान से पूर्व भी राशि भेजी जा सकती है। हालांकि जब प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है तो इसकी संभावना नहीं के बराबर है।
पूर्वी सिंहभूम में दो लाख 90 हजार लाभुक
पूर्वी सिंहभूम जिले में इस योजना की करीब दो लाख 90 हजार लाभुक थीं। हालांकि ग्रामीण क्षेत्र में इनका भौतिक सत्यापन कराया गया है और बताया जाता है कि बहुत से नाम हटाए भी गए हैं। खास तौर से जो लाभुक अपने पते पर नहीं मिलीं। दूसरी ओर, शहरी क्षेत्र में अबतक भौतिक सत्यापन हुआ ही नहीं है। ऐसा निकायों में फील्ड स्टाफ की कमी के कारण हुआ है। दूसरी ओर, निकाय चुनाव की घोषणा के बाद से मानगो और जुगसलाई के कर्मचारी चुनाव में ही व्यस्त हो गए हैं। संभव है चुनाव के बाद शहरी क्षेत्र में भी भौतिक सत्यापन शुरू हो सकता है।
बता दें कि झारखंड में विधानसभा चुनावों के दौरान जेएमएम ने वादा किया था कि प्रदेश में उनकी सरकार बनने के बाद महिलाओं के खातों में हर महीने 2500 रुपए भेजे जाएंगे। चुनावों में मिली जीत के बाद जेएमएम ने सरकार बनाई और महिलाओं के खातों में पैसे भेजने भी शुरू कर दिए। हालांकि, मंईयां सम्मान योजना का पैसा महिलाओं के खातों में हर महीने नहीं भेजा जा रहा है, बल्कि उसे किश्तों में भेजा जा रहा है।










