---Advertisement---
Banner 1
Banner 2

साकेत बिल्डिंग हादसे को लेकर ‘‘आप’’ का एमसीडी मेयर-कमिश्नर कार्यालय पर हल्ला बोल

By Tamishree Mukherjee

Published :

Follow
AAP attacks MCD Mayor-Commissioner's office

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी ने भाजपा शासित एमसीडी में व्याप्त भ्रष्टाचार के चलते साकेत में गिरी पांच मंजिला इमारत को लेकर मंगलवार को पहले निगम के कमिश्नर कार्यालय और फिर मेयर कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। एमसीडी के सह प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में बड़ी तादात में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हादसे के लिए जिम्मेदार साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर को तत्काल निलंबित करने की मांग की। जब भाजपा मेयर प्रवेश वाही पीड़ितों को न्याय दिलाने की बात सुनने को तैयार नहीं हुए, तो ‘‘आप’’ पार्षदों ने उनके कार्यालय के द्वार पर ताला लगाकर 500 रूपए के नोट से सील कर अपना विरोध दर्ज कराया।

यह भी पढ़े : सरायकेला में आयोजित हुआ ग्लोबल पंचायत राउंड टेबल कॉन्क्लेव, पेसा नियमावली 2025 के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

उधर, एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली में अवैध निर्माण का पूरा नेटवर्क भाजपा के संरक्षण में चल रहा है। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बावजूद भी डिप्टी कमिश्नर ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी को लेकर निगम आयुक्त से मांग है कि साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए। भाजपा शासित एमसीडी की भ्रष्ट व्यवस्था ने निर्दाेष लोगों की जान ली है। दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा पीड़ित परिवारों को न्याय मिलने तक आम आदमी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। भाजपा की इसी जवाबदेही से भागने वाली राजनीति के विरोध में ‘‘आप’’ पार्षदों ने मेयर कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और कार्यालय के द्वार पर ताला लगाकर 500 रूपए के नोट से सील कर अपना विरोध दर्ज कराया।

उधर, एमसीडी कमिश्नर कार्यालय पर प्रदर्शन के दौरान “आप” नेता व एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि भाजपा की सरकार में अफसर से लेकर नेता तक सभी भ्रष्टाचार में लिप्त हो चुके हैं। इनका पेट सिर्फ पैसे से भरता है। सैदुलाजाब में जो बिल्डिंग गिरी, उस पर न जाने कितनी शिकायतें थीं। उस बिल्डिंग को बुक किया गया था और मामला हाई कोर्ट तक गया था। इसके बावजूद वहां तीसरा और चौथा फ्लोर बनाया जाने लगा और बेसमेंट खोदी जाने लगी। इसी कारण वह बिल्डिंग भरभरा कर बगल की मेस पर गिर गई, जिसमें कई लोगों की जान चली गई।

प्रवीण कुमार ने आगे कहा कि इस हादसे के लिए भ्रष्ट अधिकारी, भ्रष्ट नेता और वहां के भाजपा विधायक व पार्षद जिम्मेदार हैं। भाजपा के राज में लगातार भ्रष्टाचार और पैसों की लूट हो रही है। आज कमिश्नर ऑफिस के बाहर “आप” पार्षद नकली नोटों की गड्डियां लेकर पहुंचे हैं। यह दिखाने के लिए कि भाजपा, उसकी सरकार और उसके अधिकारियों का पेट सिर्फ पैसों से भरता है। यह भ्रष्टाचार की सरकार है जो लोगों के साथ खिलवाड़ कर रही है। बिल्डिंग गिरने के बाद सरकार केवल दो निचले स्तर के अधिकारियों को सस्पेंड कर देती है, जो 15 दिन बाद बहाल हो जाते हैं। बड़ी मछलियों और बड़े अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं होती।

प्रवीण कुमार ने कहा कि हमारी मांग है कि डीसी को सस्पेंड किया जाए और एमसीडी कमिश्नर पर भी सख्त कार्रवाई हो। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इस मामले पर एसआईटी बनाकर पूरी जांच करवाएं। वहां मलबा हटाने का काम बहुत धीमा कर दिया गया है क्योंकि सरकार मौतों के आंकड़े छिपाना चाहती है। वहां की स्थानीय जनता और मलबे में दबे लोगों के परिजन बता रहे हैं कि अभी भी कई लोग अंदर दबे हुए हैं। सरकार के दबाव में रेस्क्यू ऑपरेशन को धीमा कर दिया गया है ताकि मौतों की असली संख्या सामने न आ सके।

प्रवीण कुमार ने कहा कि भाजपा की सरकार पूरी तरह से पैसों की लूट में मस्त है। आज “आप” पार्षद और दिल्ली की जनता भाजपा नेताओं और अधिकारियों के मुंह में नोटों की गड्डियां ठूंसने के लिए यहां पहुंची है। दिल्ली में इस तरह का भ्रष्टाचार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम आदमी पार्टी विपक्ष में रहकर लगातार भ्रष्टाचार के मुद्दे को बेनकाब कर रही है और रेखा गुप्ता की भाजपा सरकार अब जल्द ही जाने वाली है।

वहीं, एमसीडी सह-प्रभारी प्रीति डोगरा ने कहा कि साकेत की जिस बिल्डिंग हादसे में मासूम मेडिकल छात्रों की जान गई, उसके खिलाफ पहले भी कई बार शिकायत दी गई थी। लेकिन अधिकारियों ने सिर्फ पैसा खाने के लिए उन शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया। आज निचले स्तर के अधिकारियों को सस्पेंड करके वे अपनी जवाबदेही से बचना चाहते हैं, लेकिन ऐसा नहीं होगा। डीसी को जल्द से जल्द निलंबित किया जाए। भाजपा को शर्म आनी चाहिए कि पैसों के लालच में उन्होंने मासूम बच्चों की जान ले ली। अगर डीसी को निलंबित नहीं किया गया तो सभी “आप” पार्षद सड़कों पर उतरेंगे और इस भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

Exit mobile version