सोशल संवाद / डेस्क : तृणमूल कांग्रेस के सांसद और डायमंड हार्बर से लोकसभा सदस्य अभिषेक बनर्जी को कोलकाता पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में तलब किया है। शनिवार को वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सोशल मीडिया पोस्ट करने से जुड़े मामले में भवानीपुर थाने पहुंचे। दोपहर करीब 12:30 बजे पुलिस के सामने पेश होने के बाद उनसे पूछताछ की गई।
यह भी पढ़े : हजारीबाग में पूर्व मंत्री योगेंद्र साव की 50 डिसमिल जमीन पर सरकार का एक्शन, लीज रद्द कर पुनर्ग्रहण का आदेश
पुलिस ने उन्हें निर्धारित समय तक थाने में उपस्थित होने का नोटिस दिया था। इसके अलावा पुलिस को कथित तौर पर धमकी देने के मामले में भी उन्हें गिरिश पार्क थाने में पेश होने के लिए नोटिस जारी किया गया है। इस मामले में अभिषेक को 20 नवंबर को दोपहर 1 बजे बुलाया गया है।
ज्ञानेश कुमार पर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर क्या है मामला?
मामला 2 मई को किए गए अभिषेक बनर्जी के एक सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ा है। आरोप है कि उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर कटाक्ष करते हुए उन्हें ‘बांग्ला विरोधी गुजराती गैंग के हाथ की कठपुतली’ बताया था।
इस पोस्ट को लेकर उनके खिलाफ नफरत फैलाने और राष्ट्र के खिलाफ अपराध के लिए उकसाने समेत कई आरोप लगाए गए हैं। इसी मामले में भवानीपुर थाने की पुलिस ने उन्हें नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया था। इसके बाद अभिषेक शनिवार को थाने पहुंचे।
पुलिस और राज्य सरकार के खिलाफ शिकायत के बाद दूसरा मामला
अभिषेक बनर्जी के खिलाफ दूसरा मामला पुलिस और राज्य सरकार को लेकर दिए गए कथित बयान से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, 29 अक्टूबर को अभिषेक ने पुलिस और राज्य सरकार के खिलाफ शिकायत की थी। आरोप है कि उन्होंने कहा था कि पुलिस विपक्षी नेताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज कर रही है और सरकार बदलने के बाद संबंधित पुलिस अधिकारियों को इसका जवाब देना होगा।
इस बयान को लेकर 31 अक्टूबर को गिरिश पार्क थाने में एक व्यक्ति ने एफआईआर दर्ज कराई थी। इसी मामले में पुलिस ने अभिषेक बनर्जी को नोटिस भेजा है। उन्हें 20 नवंबर को दोपहर 1 बजे थाने में पेश होने के लिए कहा गया है।
ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्ष के बयान भी चर्चा में
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्षी नेताओं के बयान भी लगातार चर्चा में रहे हैं। 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्ष की रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा था।
राहुल गांधी ने चुनावों में वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा था कि मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक समेत कई चुनावों में वोटों की चोरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया था कि ईवीएम और मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने के जरिए चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित किया गया। राहुल गांधी ने यह भी कहा था कि ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाया जाएगा और वह जेल भी जाएंगे।











