सोशल संवाद/डेस्क: सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद में अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

यह भी पढ़ें: मंईयां सम्मान योजना: रांची की 3.89 लाख महिलाओं के खाते में ₹2500, 97 करोड़ DBT से ट्रांसफर
घटना 05 अप्रैल 2026 की है, जब चौका थाना अंतर्गत ग्राम रेयाड़दा, टोला डुंगरडीह में श्रवण सरदार ने अपनी पत्नी मोगरो देवी की लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस मामले की जानकारी मृतका के भाई गुरुबा सरदार द्वारा पुलिस को दी गई, जिसके आधार पर चौका थाना में कांड संख्या 43/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी श्रवण सरदार (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से खून लगी मिट्टी, कॉटन गॉज में लिया गया खून का नमूना तथा मृतका के खून से सना कपड़ा भी जब्त किया है, जिससे मामले की जांच को और मजबूत किया जा सके। गिरफ्तार आरोपी को 06 अप्रैल 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही सभी पहलुओं का खुलासा किया जाएगा।









